बिहार के वैशाली जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां शादी की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं. चेहराकलां प्रखंड के कटहरा में आयोजित एक शादी समारोह में उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब जयमाला के दौरान दुल्हन अचानक मंच पर बेहोश होकर गिर पड़ी. आननफानन में उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. दुल्हन की मौत के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई और शादी का माहौल मातम में बदल गया.

वैशाली के पड़ोसी जिले मुजफ्फरपुर से बारात आई थी. शादी की सभी रस्में धूमधाम से चल रही थीं और जयमाला की तैयारी पूरी हो चुकी थी. इसी दौरान जैसे ही दुल्हन स्टेज पर पहुंची, वह अचानक बेहोश होकर गिर गई. शुरुआत में परिजनों ने स्थिति को संभालने की कोशिश की और लोगों से कहा कि दुल्हन का ब्लड प्रेशर लो हो गया है. लेकिन कुछ ही देर में मामला गंभीर हो गया.
दूल्हा भी बारातियों के साथ पूरी रात रुका रहा
परिवार के लोग दुल्हन को इलाज के लिए लेकर गए, जहां उसकी मौत हो गई. घटना की खबर फैलते ही शादी समारोह में हड़कंप मच गया. बाराती और गांव के लोग पूरी रात दुल्हन के स्वस्थ होने की उम्मीद में इंतजार करते रहे. दूल्हा भी बारातियों के साथ पूरी रात रुका रहा, लेकिन सुबह दुल्हन की मौत की खबर सामने आने के बाद शादी टूट गई और दूल्हा बिना दुल्हन के ही वापस अपने घर लौट गया.
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस घटना के पीछे प्रेम प्रसंग की बात सामने आ रही है. चर्चा है कि दुल्हन का गांव के ही एक युवक के साथ प्रेम संबंध था और दोनों ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया था. बताया जा रहा है कि दुल्हन के प्रेमी की हालत भी गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है.
गांव में तनाव का माहौल
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया. वधु पक्ष और वर पक्ष के बीच विवाद की भी चर्चा है. स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक मामले को लेकर पंचायत भी बुलाई गई थी, जिसमें प्रेमी पक्ष पर आर्थिक दंड लगाने का फैसला लिया गया है. हालांकि पंचायत के फैसले को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. वहीं कटहरा थाना पुलिस का कहना है कि अब तक मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है. पुलिस के अनुसार आवेदन मिलने के बाद पूरे मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी.



