
देवरिया, उत्तर प्रदेश: महिला टीचर रानी विश्वकर्मा की हत्या के मामले में पुलिस ने स्कूल प्रबंधक विजय निषाद को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच नजदीकी संबंध थे और शादी को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी विवाद के चलते विजय ने रानी की हत्या कर दी और फिर शव को ठिकाने लगाने के लिए ऐसा तरीका अपनाया, जिसने जांचकर्ताओं को भी हैरान कर दिया।
रानी विश्वकर्मा गोरखपुर जिले के झंगहा थाना क्षेत्र के खुरुहरी गांव की रहने वाली थीं। वह चौरी-चौरा इलाके के नई बाजार स्थित वीएन सेंट्रल एकेडमी में शिक्षिका थीं। इसी स्कूल का प्रबंधक विजय निषाद देवरिया के रुद्रपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, स्कूल में साथ काम करने के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गई थीं। विजय पहले से शादीशुदा था और उसके दो बच्चे हैं। वहीं, रानी उससे शादी करना चाहती थीं।
शादी की बात पर हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, 31 अक्टूबर की सुबह करीब 8:30 बजे रानी स्कूल पहुंचीं। वहां उन्होंने एक बार फिर विजय के सामने शादी का मुद्दा उठाया। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद सुबह करीब 9:15 बजे विजय अपनी कार से रानी को लेकर मीठा बेल गांव के बाहर एक सुनसान कच्चे रास्ते पर पहुंचा।
पुलिस का आरोप है कि कार के अंदर ही विजय ने रानी का गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को कार की डिग्गी में रखकर ढक दिया और वहां से निकल गया।
डिग्गी में शव रखकर पूरे दिन घूमता रहा
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि हत्या के बाद आरोपी ने तुरंत शव को ठिकाने नहीं लगाया। वह कार की डिग्गी में रानी का शव रखकर पूरे दिन शहर और आसपास के इलाकों में घूमता रहा। इस दौरान वह चौरी-चौरा की तरफ भी गया।
पुलिस के अनुसार, रास्ते में बनकट और बैरागी के बीच आरोपी ने रानी का मोबाइल तोड़कर फेंक दिया। उसका एटीएम कार्ड भी रास्ते में फेंक दिया गया। आरोपी शाम होने का इंतजार करता रहा, ताकि शव को ठिकाने लगा सके।
स्कूल के पास फेंककर हो गया फरार
पुलिस का दावा है कि शाम को विजय देवरिया के रुद्रपुर इलाके में पहुंचा और श्रीनेत ग्लोबल स्कूल के पास रानी का शव फेंककर फरार हो गया। अगले दिन शव की पहचान रानी विश्वकर्मा के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और पूछताछ के आधार पर स्कूल प्रबंधक विजय निषाद तक पहुंच गई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। फिलहाल मामले में हत्या की वजह और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
Satya Report Disclaimer: यह खबर उपलब्ध मीडिया रिपोर्टों और पुलिस के दावों के आधार पर तैयार की गई है। मामले में सामने आए आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के अधीन



