
पुणे से सामने आया एक सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें रात के समय कैब से सफर कर रहीं तीन महिलाओं और ड्राइवर के बीच उस वक्त बहस छिड़ गई, जब ड्राइवर ने अपने दोस्त को भी उसी कैब में बैठाने की बात कह दी। घटना का वीडियो अब इंटरनेट पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
बीच रास्ते ड्राइवर ने रखी अजीब मांग
बताया जा रहा है कि तीनों महिलाएं पहले से बुक की गई प्राइवेट कैब में सफर कर रही थीं। सफर के दौरान ड्राइवर ने अचानक गाड़ी रोकी और महिलाओं से कहा कि उसका एक दोस्त भी साथ जाएगा, इसलिए वे थोड़ा एडजस्ट कर लें। इस पर महिलाओं ने तुरंत आपत्ति जताई और साफ कहा कि बिना पहले बताए किसी अनजान व्यक्ति को कैब में बैठाना स्वीकार नहीं किया जा सकता।
‘सिर्फ एक किलोमीटर जाना है’ कहकर मनाने लगा ड्राइवर
महिलाओं के विरोध के बाद ड्राइवर ने कहा कि उसका दोस्त केवल करीब एक किलोमीटर तक ही साथ जाएगा। उसने यह भी दलील दी कि उसकी कैब में सीएनजी कम है और दोस्त को छोड़कर लौटने के लिए उसके पास पर्याप्त ईंधन नहीं बचेगा। जब महिलाएं नहीं मानीं तो ड्राइवर ने कहा कि वे चाहें तो यहीं से दूसरी कैब बुक कर सकती हैं।
महिलाओं ने उठाए सुरक्षा और किराए से जुड़े सवाल
महिलाओं ने ड्राइवर से सवाल किया कि जब वे पूरे सफर का किराया दे रही हैं तो किसी तीसरे व्यक्ति को उसी कैब में क्यों बैठाया जाए। उनका कहना था कि यदि उन्हें साझा कैब में सफर करना होता तो वे शुरुआत से ही दूसरा विकल्प चुनतीं। उन्होंने यह भी पूछा कि क्या उनके किराए में कोई छूट मिलेगी या फिर ड्राइवर अपने दोस्त से किराया लेगा। इस पर ड्राइवर ने कहा कि वह अपने दोस्त से पैसे नहीं लेगा, जिसके बाद महिलाओं ने इस पर भी आपत्ति जताई।
वीडियो में दोस्त को बुलाने की कोशिश करता दिखा ड्राइवर
वायरल वीडियो में बहस के दौरान ड्राइवर बाहर खड़े एक व्यक्ति से बातचीत करता दिखाई देता है। बताया जा रहा है कि वही उसका दोस्त था, जिसे वह कैब में बैठाना चाहता था। हालांकि महिलाओं ने अपनी बात पर कायम रहते हुए किसी भी अनजान व्यक्ति को साथ बैठाने से इनकार कर दिया।
सोशल मीडिया पर महिलाओं के समर्थन में उतरे लोग
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने महिलाओं के फैसले का समर्थन किया। यूजर्स का कहना है कि पहले से बुक की गई प्राइवेट कैब में यात्रियों की अनुमति के बिना किसी अन्य व्यक्ति को बैठाना उचित नहीं है। कई लोगों ने इसे महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताते हुए संबंधित कैब सेवा और पुलिस से शिकायत करने की बात भी कही।



