BiharCrimeIndiaTrending

मायके आई बड़ी बहन ने छोटी की गोद सूनी कर दी, मोबाइल के झगड़े में 1 साल के मासूम भांजे की हत्या

नालंदा जिले के अस्थावां थाना क्षेत्र में मायके में मोबाइल फोन गायब होने के बाद दो बहनों का झगड़ा हो गया। बड़ी बहन ने बदले की आग में अपनी छोटी बहन की गोद सूनी कर दी। उसने मासूम भांजे की हत्या कर शव को घर के पास तालाब में फेंक दिया।
मायके आई बड़ी बहन ने छोटी की गोद सूनी कर दी, मोबाइल के झगड़े में 1 साल के मासूम भांजे की हत्या

बिहार के नालंदा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मायके आई दो शादीशुदा बहनों के झगड़े में 1 साल के मासूम बच्चे की हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि दोनों बहनों के बीच मोबाइल चोरी के शक को लेकर विवाद हुआ। इसी आवेश में आकर बड़ी बहन ने छोटी के मासूम बेटे को मारकर तालाब में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन घर वाले भूत-प्रेत का साया बताकर उसे बचाने में जुटे हुए हैं।

रिश्तों को शर्मसार करने वाली यह सनसनीखेज वारदात अस्थावां थाना क्षेत्र के चूलीहारी गांव की है। सगी मौसी द्वारा अपने मासूम भांजे का मुंह दबाकर हत्या कर दी गई। फिर साक्ष्य छिपाने के लिए शव को घर के पास तालाब में फेंक दिया गया। मृतक बच्चा उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी राजू पासवान का बेटा था। उसका नाम कारू कुमार था और वह महज एक साल का था।

भाई की शादी में आई बहने, मोबाइल फोन के लिए हुआ झगड़ा

मृतक बच्चे के मामा जितेंद्र पासवान ने बताया कि आगामी 21 अप्रैल को उनके छोटे भाई दिलखुश पासवान की शादी होनी है। इसमें शामिल होने उनकी बहनें मायके आई हुई थीं। मंझली बहन आरती देवी (मंझली बहन) अपने एक साल के मासूम बच्चे के साथ शादी के बाद पहली बार आई।

इसी दौरान बड़ी बहन सुमंत्री देवी का मोबाइल घर में कहीं गुम हो गया। सुमंत्री को शक था कि मोबाइल उसकी छोटी बहन आरती ने ही लिया है। इसी बात को लेकर दोनों बहनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। आरोप है कि इसी विवाद में सुमंत्री ने अपनी छोटी बहन की गोद सूनी करने की साजिश रची और इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।

हत्या से पहले घर में चला तंत्र-मंत्र का खेल

इस घटना में अंधविश्वास का भी एक चौंकाने वाला पहलू सामने आया है। जितेंद्र ने बताया कि मोबाइल फोन खोजने के लिए गांव की ही एक ‘भोजाई’ से ‘पढ़ा हुआ पानी’ (अभिमंत्रित जल) मंगवाया गया था। इसे पूरे घर के हर कोने में छिड़का गया और सभी सदस्यों को पिलाया गया, ताकि चोर का पता चल सके। इसी तंत्र-मंत्र के खेल के बाद रात करीब 10 से 11 बजे के बीच मासूम कारू बिस्तर से रहस्यमयी तरीके से गायब हो गया।

तालाब में तैरता मिला शव:

रात में जब आरती ने अपने बच्चे को बिस्तर पर नहीं पाया तो घर में चीख-पुकार मच गई। घर का दरवाजा अंदर से बंद था, इसलिए किसी बाहरी व्यक्ति के आने की आशंका नहीं थी। परिजनों ने जब टॉर्च जलाकर बच्चे की तलाश शुरू की, तो रात करीब 11 बजे उसका शव घर के बगल वाले तालाब में तैरता हुआ मिला। मासूम का शव मिलते ही शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। पूरे परिवार में कोहराम मच गया।

थाने में आरोपी मौसी ने कबूला जुर्म:

अस्थावां थानाध्यक्ष उत्तम कुमार ने शुक्रवार को बताया कि शुरुआती जांच के बाद सगी मौसी सुमंत्री देवी को हिरासत में लिया गया था। घर पर खुद को निर्दोष बताने वाली सुमंत्री ने पुलिसिया पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी महिला ने बताया कि उसी ने मासूम का मुंह दबाकर हत्या की और शव को तालाब में फेंक दिया।

हालांकि, हैरान करने वाली बात यह है कि पुलिस के सामने जुर्म कबूलने के बावजूद परिवार के कुछ लोग इस हत्या को ‘भूत-प्रेत’ का साया बताकर अंधविश्वास की आड़ में आरोपी का बचाव करने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply