
नागपुर के यशोधरानगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक बुजुर्ग ससुर ने अपनी ही बहू पर कुल्हाड़ी से वार कर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि आरोपी ससुर को अपनी बहू पर जादू-टोना करने का शक था, जिसके चलते वह उससे नाराज था. मृतका की पहचान लक्ष्मी रविशंकर पाली के रूप में हुई है, जिसकी उम्र 40 वर्ष थी जबकि आरोपी ससुर का नाम नाथूलाल पाली है जिसकी उम्र 70 वर्ष है.
पहले की हत्या, फिर आत्महत्या का प्रयास
घटना के समय मृतका की बेटी नौकरी पर गई हुई थी, जबकि उसका बेटा भी घर से बाहर गया हुआ था. लक्ष्मी घर के पिछले हिस्से में कपड़े धो रही थी. इसी दौरान आरोपी ससुर ने मौका देखकर उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. कुल्हाड़ी के वार से लक्ष्मी गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
बहू की मौत के बाद आरोपी नाथूलाल ने कथित तौर पर घर के पीछे स्थित कुएं में छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया. आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई.
आरोपी अस्पताल में भर्ती, हालत नाजुक
वारदात की सूचना मिलते ही यशोधरानगर पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक सबूत जुटाए. साथ ही मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. वहीं कुएं में कूदकर आत्महत्या का प्रयास करने वाले आरोपी नाथूलाल को उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है .
कई एंगल से पुलिस कर रही जांच
पुलिस मामले की जांच कर रही है. बहू पर जादू-टोना करने का शक हत्या की मुख्य वजह थी या इसके पीछे कोई अन्य पारिवारिक विवाद था, इसकी भी जांच की जा रही है.


