CrimeIndiaTrendingUttar Pradesh

एक साल से बेटी की तलाश कर रहा था पिता, थाने में जो हुआ उसके बाद गांव में मच गया हड़कंप​​​​​​

एक साल से बेटी की तलाश कर रहा था पिता, थाने में जो हुआ उसके बाद गांव में मच गया हड़कंप​​​​​​

बदायूं, उत्तर प्रदेश: बेटी के एक फैसले ने ऐसा खूनी मोड़ ले लिया कि गांव में सनसनी फैल गई। करीब एक साल से लापता बेटी को पुलिस ने नोएडा से बरामद किया था। पिता को उम्मीद थी कि बेटी उसके साथ घर लौट आएगी, लेकिन थाने में उसने ऐसा जवाब दिया कि पिता गुस्से में गांव लौट आया। इसके बाद उसने पड़ोस में रहने वाले युवक के परिवार के एक बुजुर्ग सदस्य पर जानलेवा हमला कर दिया।

मामला मूसाझाग थाना क्षेत्र के गुरगांव गांव का है। जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी अमन 23 अक्टूबर 2025 को अपने पड़ोस में रहने वाली मीनू के साथ घर छोड़कर चला गया था। दोनों के मकान आमने-सामने हैं। बेटी के अचानक गायब होने के बाद उसके पिता मुनेंद्र ने अमन के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। वह करीब एक साल से बेटी की तलाश में पुलिस अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगा रहा था।

इस बीच अमन के माता-पिता भी गांव छोड़कर दिल्ली चले गए थे। परिवार में उसके ताऊ अवधेश ही गांव में रह रहे थे। गुरुवार सुबह करीब चार बजे पुलिस ने मीनू को नोएडा से बरामद कर लिया। इसकी जानकारी मिलने पर मुनेंद्र थाने पहुंचा और बेटी को अपने साथ घर चलने के लिए समझाने लगा।

बताया जाता है कि मुनेंद्र ने बेटी से अपने पक्ष में बयान देने की भी बात कही, लेकिन मीनू ने उसके साथ जाने से साफ इनकार कर दिया। उसने पुलिस के सामने स्पष्ट कर दिया कि वह अमन के साथ ही रहना चाहती है।

बेटी का फैसला सुनने के बाद मुनेंद्र गुस्से में थाने से गांव लौट आया। शाम करीब सात बजे अमन के ताऊ अवधेश अपने घर के बाहर झाड़ू लगा रहे थे। इसी दौरान मुनेंद्र फावड़ा लेकर वहां पहुंचा और उन पर हमला कर दिया। उसने अवधेश की गर्दन पर कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फावड़ा छोड़कर खेतों की तरफ भाग चुका था। सूचना मिलने पर यूपी-112 और मूसाझाग थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं। एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि युवक के ताऊ की हत्या की गई है। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

Satya Report Disclaimer: यह खबर उपलब्ध समाचार रिपोर्टों और पुलिस के प्रारंभिक बयान पर आधारित है। जांच पूरी होने के बाद मामले से जुड़े तथ्यों में बदलाव संभव है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply