उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक कातिल बीवी ने अवैध संबंध में बाधा बनने पर अपने ही पति की हत्या कर दी है. पति को अपनी पत्नी के अवैध संबंधों की जानकारी मिल गई थी और वह लगातार पत्नी और उसके प्रेमी के मिलन में बाधा बना रहा था. ऐसे में पत्नी ने अपने प्रेमी से नशीला पदार्थ मंगाया और दूध में मिलाकर पति को पिला दिया. वहीं रात में पति यह नशीला दूध पीकर सोया और दोबारा नहीं उठ सका. अगले दिन सुबह मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को अरेस्ट कर लिया.

मामला मुजफ्फरनगर के रतनपुरी थाना क्षेत्र का है. पुलिस के मुताबिक वारदात 7 सितंबर की रात का है. अगले दिन यानी 8 सितंबर को पुलिस को एक डेड बॉडी मिलने की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. मृतक की पहचान शकिब के रू में हुई. पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की तो पता चला कि उसकी पत्नी तबस्सुम के ननदोई शाहरूख के साथ अवैध संबंध थे.
कातिल बीवी ने कबूला वारदात
परिजनों से पूछताछ और पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में पता चला कि वारदात की रात शाकिब की मौत दूध में नशीली गोलियों की वजह से हुई है. संदेह के आधार पर पुलिस ने शाकिब की पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, इसमें आरोपी पत्नी ने पहले तो पुलिस को गुमराह किया, लेकिन बाद में उसने ना केवल वारदात कबूल ली, बल्कि इस वारदात में अपने प्रेमी की भूमिका भी स्वीकार कर ली. फिर पुलिस ने उसकी पहचान और निशानदेही के आधार पर उसके प्रेमी शाहरूख को अरेस्ट किया है.
एसएसपी ने किया वारदात का खुलासा
दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद एसएसपी मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा ने वारदात का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने वारदात कबूल करते हुए पूरी कहानी बयां की है. बताया कि दोनों करीब दो साल से अवैध संबंध में थे. इसकी खबर शाकिब को लग गई थी. वह लगातार दोनों के मिलन में बाधा बन रहा था. ऐसे में दोनों ने मिलकर उसे रास्ते से हटा दिया है. पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है.



