BiharCrimeIndiaTrending

12 साल के बेटे के सामने: पति को दबिया से काटने वाली पत्नी को उम्रकैद, मां ने ही पहुंचवाया था जेल

12 साल के बेटे के सामने: पति को दबिया से काटने वाली पत्नी को उम्रकैद, मां ने ही पहुंचवाया था जेल

बिहार के पूर्णिया जिले के धमदाहा में 12 साल के बेटे के सामने पति को दबिया से काटकर निर्मम हत्या करने वाली पत्नी को उम्रकैद की सजा मिली है। पूर्णिया के जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश विक्रम कुमार की अदालत ने आरोपी उषा देवी को उसके पति बालो दास की हत्या का दोषी करार दिया। जज ने महिला को उम्रकैद की सजा सुनाई और उस पर 20 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया। यह वारदात पिछले साल की है। दोषी उषा देवी की मां ने ही अपनी बेटी के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई थी।

यह मामला धमदाहा थाना क्षेत्र के दमगाढ़ा वार्ड संख्या 11 का है। एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया था। करीब एक साल तक यह मुकदमा कोर्ट में चला। सरकार की ओर से अताउर रहमान ने अदालत में पक्ष रखा। अभियोजन की ओर से कुल 6 गवाहों की गवाही कराई गई। घटना के बाद मृतक बालो दास की सास ने मीना देवी ने ही अपनी बेटी उषा देवी के खिलाफ पुलिस को बयान देकर हत्या का मामला दर्ज कराया था।

घर के आंगन में दबिया से किया था वार

धमदाहा थाने में दर्ज एफआईआर के अनुसार 12 जुलाई 2025 की रात करीब 8 बजे बालो दास काम से अपने घर लौटा था। नहाने के बाद वह आंगन में ही प्लास्टिक के बोरे पर सो गया था। खाना लेकर पहुंची उषा देवी ने पति को जगाया। उसके नहीं उठने पर उसने आंगन में रखे दबिया से पति के सिर पर वार कर दिया। इससे बालो दास की मौके पर ही मौत हो गई थी।

बेटे के सामने मां ने किया पिता का कत्ल

उषा ने अपने पति की हत्या की, तब उसका 12 साल का बेटा भी घर में मौजूद था। बेटे ने पुलिस को बताया था कि वह अपने पिता के बगल में ही सो रहा था। तभी अचानक उसके मुंह पर खून के छींटे आकर गिरे। जब उसने आंखें खोली, तो मां के दबिया लेकर वहां खड़ी हुई थी और पिता के सिर से खून निकल रहा था।

मां ने बेटे को भी काट डालने की दी थी धमकी

हत्याकांड के तुरंत बाद घर में मौजूद बेटे को भी उषा देवी ने काट डालने की धमकी दी थी। मां ने उसे धमकाते हुए कहा था कि सो जाओ, नहीं तो तुम्हें भी काट दूंगी। हालांकि, बेटा हिम्मत दिखाते हुए घर से भागा और आस-पड़ोस के लोगों को जगाकर वारदात की सूचना दी।

बताया गया कि हल्ला होने पर लोग मौके पर जुट गए। घर से कुछ दूरी पर रहने वाली उषा देवी की मां मीना देवी को भी सूचना दी गई। मीना देवी जब दौड़ी-दौड़ी वहां पहुंचीं, तो आंगन में दामाद को प्लास्टिक के बोरे में मृत पड़ा देखा। उसके सिर से खून निकल रहा था। घटना के तुरंत बाद उषा दबिया को आंगन में ही फेंककर अंधेरे में फरार हो गई।

मां ने ही दामाद की कातिल बेटी को करवाया था गिरफ्तार

मीना देवी ने अपने दामाद की हत्या की सूचना पुलिस को दी और अपनी ही बेटी के खिलाफ शिकायत देकर एफआईआर दर्ज कराई। धमदाहा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर जांच शुरू की। घटना के कुछ घंटों बाद ही उषा को पति की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया था।

आरोपी उषा ने पुलिस को बताया था कि उसने पारिवारिक कलह की वजह से अपने पति की हत्या की। उसका कहना था कि पति अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। इससे वह तंग आ चुकी थी।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply