
राजस्थान के अलवर जिले में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोग युवक को गंभीर हालत में एक वाहन से बाहर निकालकर सड़क पर फेंककर फरार होने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान परिजनों ने वाहन को रोक लिया और एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि दूसरा मौके से भागने में कामयाब रहा।
घटना लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक मृतक युवक अपने घर के पीछे दो अन्य लोगों के साथ बाजरे की कड़बी लगाने का काम कर रहा था। इसी दौरान गांव के ही दो लोग एक ईको गाड़ी से वहां पहुंचे।
आरोप है कि दोनों युवक को गंभीर रूप से घायल हालत में गाड़ी से बाहर निकालकर सड़क पर फेंकने के बाद वहां से निकलने लगे। यह देखकर मौके पर मौजूद परिजनों ने शोर मचाया और गाड़ी को रोक लिया। इसके बाद एक आरोपी को पकड़ लिया गया।
वहीं, दूसरा आरोपी हाथ में लोहे का सरिया लेकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने दो भाइयों में सबसे बड़ा था और खेती-बाड़ी का काम करके परिवार का पालन-पोषण करता था।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर पकड़े गए आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस पुरानी रंजिश समेत हत्या के पीछे की वजह और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।



