
गुजरात के नडियाद रेलवे स्टेशन के पास सोना लूटकर फरार होने की कोशिश कर रहे बदमाशों को पुलिस ने कुछ ही घंटों में पकड़ लिया। करीब 3.75 करोड़ रुपये कीमत के सोने की इस लूट के बाद आरोपी कार से भाग रहे थे, लेकिन पुलिस की घेराबंदी के बीच एक इंस्पेक्टर ने बेहद जोखिम उठाकर उन्हें रोक लिया। पुलिस ने लूटे गए करीब 2.90 किलो सोने को भी बरामद कर लिया है।
पुलिस की जांच में सामने आया कि वारदात के बाद आरोपी लूट का सोना लेकर अलग-अलग गाड़ियों में भागने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस को सूचना मिली कि तीन आरोपी एक टियागो कार में सोना लेकर आगे बढ़ रहे हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने उनकी कार को रोकने के लिए घेराबंदी शुरू कर दी।
पुलिस से घिरने के बाद आरोपियों ने भागने की कोशिश में अपनी कार को पुलिस की गाड़ी से टकरा दिया। इसके बाद उन्होंने कार को पीछे की ओर तेजी से भगाना शुरू कर दिया। इसी दौरान इंस्पेक्टर एसए गढ़वी ने अपनी जान की परवाह किए बिना चलती कार का दरवाजा पकड़ लिया।
बदमाशों ने कार को तेज रफ्तार में भगाया और इंस्पेक्टर को करीब 500 मीटर तक सड़क पर घसीटते हुए ले गए। इसके बावजूद इंस्पेक्टर ने कार का दरवाजा नहीं छोड़ा। मौका मिलते ही उन्होंने चलती कार के अंदर हाथ डालकर स्टीयरिंग पर नियंत्रण करने की कोशिश की।
इसके बाद उन्होंने कार का इमरजेंसी हैंडब्रेक खींच दिया, जिससे गाड़ी रुक गई। कार रुकते ही पुलिस के दूसरे जवानों ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों को दबोच लिया।
इस दौरान एक आरोपी मौके से निकलकर खेतों की तरफ भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर उसे भी पकड़ लिया। इस तरह पुलिस ने लूट के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनके कब्जे से करीब 2.90 किलो सोना बरामद किया।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वारदात की पूरी योजना कैसे बनाई गई थी और इस मामले में गिरोह से जुड़े और कौन-कौन लोग शामिल हैं।



