कानपुर : उत्तर प्रदेश के कानपुर में दवा कारोबारी विनीत मिनोचा की हत्या के मामले ने पुलिस जांच में सनसनीखेज मोड़ ले लिया है। पुलिस के मुताबिक, हत्या की साजिश किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं बल्कि कारोबारी की बहू शालू ने रची थी। आरोप है कि शालू ने अपने ससुर की हत्या के लिए घर में काम करने वाले दो नौकरों को कथित तौर पर 6 लाख रुपये की सुपारी दी थी।

सबसे हैरान करने वाली बात यह सामने आई कि जिस समय घर के अंदर विनीत मिनोचा पर चाकुओं से हमला किया जा रहा था, उस दौरान शालू एक पार्टी में अपने पति सुब्रत के साथ डांस करती रही। तुम तो धोखेबाज हो, वादा करके भूल जाते हो… इस गाने पर शालू पार्टी में थिरकती रही और उधर उसके इशारे पर घर के अंदर ही ससुर विनीत मिनोचा को चाकुओं से गोद डाला गया।
पार्टी में डांस, घर में हो रहा था कत्ल
पुलिस के अनुसार, शालू कथित तौर पर हत्या की पूरी योजना बनाकर पार्टी में गई थी। आरोप है कि उसने दोनों आरोपियों को निर्देश दिए थे कि उसके घर से बाहर रहने के दौरान वारदात को अंजाम दिया जाए।
जांच में यह भी सामने आया है कि शालू कथित तौर पर फोन के जरिए आरोपियों के संपर्क में थी और उन्हें निर्देश देती रही। हत्या के बाद आरोपियों ने उसे फोन कर वारदात की जानकारी दी।
हत्या के बाद घर पहुंचकर खूब रोई
विनीत की हत्या की सूचना मिलने के बाद शालू अपने पति और बेटे के साथ रात करीब 3 बजे घर पहुंची। घर पहुंचने के बाद उसके रोने और चीखने का CCTV फुटेज भी सामने आया था। शुरुआत में परिवार और आसपास के लोगों को लगा कि वह ससुर की मौत से बेहद सदमे में है, लेकिन पुलिस जांच में कथित साजिश का खुलासा होने के बाद पूरा मामला पलट गया।
शालू और उसके पति के पार्टी में डांस करने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
दो नौकरों ने पूछताछ में खोला राज
पुलिस ने 6 सितंबर को मुठभेड़ के बाद विशाल और राजकिशोर को गिरफ्तार किया था। दोनों विनीत मिनोचा के घर पर काम करते थे। पूछताछ के दौरान दोनों ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि उन्होंने शालू के कहने पर कारोबारी की हत्या की थी।
इसके बाद पुलिस ने शालू को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
सुब्रत की भूमिका पर भी पुलिस की नजर
मामले में पुलिस की जांच अभी खत्म नहीं हुई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, विनीत के बेटे और शालू के पति सुब्रत की भूमिका भी जांच के दायरे में है। पुलिस ने उससे कई घंटे पूछताछ की, लेकिन उसने पत्नी को निर्दोष बताते हुए कथित तौर पर चुप्पी साधे रखी।
पुलिस को उसके व्यवहार पर भी संदेह है और वह इस बात की जांच कर रही है कि क्या उसे हत्या की साजिश की जानकारी थी या नहीं।
ससुर की पाबंदियों से परेशान होने का आरोप
जांच में हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद की बात भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, शालू का आरोप था कि उसके ससुर घर के खर्च को लेकर काफी सख्त थे और पैसों का हिसाब रखते थे। बताया जा रहा है कि इसी तरह के पारिवारिक तनाव के चलते शालू कथित तौर पर अपने ससुर से नाराज थी।
इस पूरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में सोसायटी के सुरक्षा गार्ड मदन सिंह की भूमिका भी अहम बताई जा रही है। पुलिस अब हत्या की पूरी साजिश, पैसों के लेनदेन और सुब्रत की संभावित भूमिका की जांच कर रही है।



