
UP Crime: उत्तर प्रदेश के झांसी से एक दिल दहला देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है, लव मैरिज के कुछ ही दिन बाद, एक पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से गला घोंटकर हत्या कर दी. यह खौफनाक वारदात सिपरी बाजार थाना क्षेत्र के आवास विकास कॉलोनी से सामने आई है. मध्य प्रदेश के दतिया की रहने वाली 27 साल की शिवानी उर्फ सुधा पिछले 3 महीने से अपने भाई-बहन के साथ झांसी में किराए के मकान में रह रही थी. उसकी शादी ग्वालियर के रहने वाले यश ठाकुर से हुई थी, जो इंस्टाग्राम पर मिल थे. लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही छोटी-छोटी बातों को लेकर मतभेद और विवाद रहने लगा. अक्सर पति यश ठाकुर सुधा के साथ मारपीट भी करता था. आरोप है कि घटना वाली रात यश ने शिवानी के साथ बुरी तरह मारपीट की, उसका गला घोंटकर उसे मार डाला और कमरे को बाहर से लॉक करके फरार हो गया.
हैरानी की बात तो यह है कि जिस वक्त यह खूनी खेल चल रहा था, शिवानी की बहन बगल वाले कमरे में ही सो रही थी और उसे भनक तक नहीं लगी. पुलिस अब आरोपी पति की तलाश में जुट गई है, लेकिन शातिर यश और उसका पूरा परिवार घर पर ताला लगाकर फरार हो चुका है.
पलंग के नीचे बेहोश मिली शिवानी, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, झांसी के फौजी तिराहा के पास रहने वाली शिवानी की हत्या का यह मामला तब सामने आया जब सोमवार की सुबह वह अपने कमरे में पलंग के नीचे संदिग्ध हालत में बेहोश पाई गई. परिवार वाले तुरंत उसे लेकर झांसी मेडिकल कॉलेज भागे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया. जब डॉक्टरों के पैनल ने शव का पोस्टमॉर्टम किया, तो चौंकाने वाला सच सामने आया. रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि शिवानी की मौत गला घोंटने की वजह से हुई थी. इसके अलावा उसके चेहरे पर पांच जगहों पर गंभीर चोट के निशान भी मिले थे, जो यह बयां करने के लिए काफी थे कि मौत से पहले उसके साथ कितनी हैवानियत की गई थी.
झगड़े के बाद कमरे में बंद कर भागा आरोपी पति
पुलिस की जांच में सामने आया कि घटना से एक दिन पहले ही यानी 31 अगस्त को पति-पत्नी के बीच जमकर झगड़ा हुआ था. यश ठाकुर ने गुस्से में आकर शिवानी पर हाथ उठाया और उसे बुरी तरह पीटा. इसके बाद वह कमरे को बाहर से बंद करके मौके से फरार हो गया. अगले दिन जब दरवाजा खोला गया, तो शिवानी बेहोशी की हालत में पड़ी मिली. मृतका के परिवार की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत आरोपी पति यश के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि यश पहले से ही क्रिमिनल रिकॉर्ड वाला है और उस पर कई मामले दर्ज हैं.
मोबाइल लेकर फरार हुआ कातिल, पुलिस कर रही तलाश
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी यश शातिर तरीके से फरार हो गया. पुलिस के मुताबिक, भागते वक्त वह अपने साथ शिवानी का मोबाइल फोन भी ले गया और तब से दोनों के फोन स्विच ऑफ आ रहे हैं. पुलिस की एक टीम आरोपी को दबोचने के लिए ग्वालियर भी गई थी, लेकिन वहां उसके घर पर भी ताला लटका मिला और परिवार के सभी लोग अंडरग्राउंड हो चुके हैं. अब पुलिस दोनों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDRs) खंगाल रही है ताकि कातिल की लोकेशन का सुराग लगाया जा सके.
बहन पास के कमरे में सोती रही और उधर हो गया खेल
इस मर्डर मिस्ट्री का सबसे बड़ा और हैरान करने वाला पहलू यह है कि जिस वक्त शिवानी की हत्या की जा रही थी, ठीक उसी समय उसकी बहन मुस्कान पास वाले कमरे में सो रही थी. पुलिस अब इस बात की भी गहराई से जांच कर रही है कि आखिर बहन को हाथापाई या संघर्ष की कोई आवाज क्यों नहीं सुनाई दी. पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी यश ने आधी रात के बाद चुपके से साली के कमरे में भी प्रवेश किया था, लेकिन वहां से अपना कुछ सामान समेटने या चाबी लेने गया था और इसके बाद वह मौके से फरार हो गया. पुलिस और एसओजी की टीमें तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से फरार पति की तलाश में जुटी हैं, और पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही सलाखों के पीछे पहुंचा दिया जाएगा.
-1788927933174_v.webp)


