IndiaPunjabTrending

सैनिटाइजर छिड़ककर लड़की को लगाई आग, फिर कमरे पर ताला लगाकर भागा युवक

मोहाली : पंजाब के मोहाली में एक नाबालिग लड़की को घर में घुसकर जिंदा जलाने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। परिवार का आरोप है कि एक युवक काफी समय से किशोरी पर उससे बात करने का दबाव बना रहा था। विरोध करने के बावजूद आरोपी शुक्रवार को दो साथियों के साथ उसके घर पहुंचा और किशोरी को अकेला पाकर कथित तौर पर उस पर सैनिटाइजर छिड़ककर आग लगा दी। घटना में किशोरी करीब 80 फीसदी झुलस गई है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

पहले भी परेशान करने का आरोप

पीड़िता के पिता का आरोप है कि युवक काफी समय से उनकी बेटी को परेशान कर रहा था और रास्ते में भी कई बार उससे छेड़छाड़ कर चुका था। परिवार ने करीब एक महीने पहले इस संबंध में पुलिस को शिकायत भी दी थी। परिवार के मुताबिक, उस समय आरोपी ने माफी मांग ली थी, लेकिन इसके बाद भी उसने किशोरी को परेशान करना बंद नहीं किया।

पहले कमरे में बंद किया, फिर साथियों के साथ लौटा

परिजनों के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे आरोपी घर पहुंचा और किशोरी को उसके चाचा के कमरे में बंद कर दिया। चाचा ने इसका विरोध किया और हाथापाई के बाद किशोरी को उसके कब्जे से छुड़ा लिया।

इसके बाद किशोरी के पिता और चाचा काम पर चले गए। परिवार का आरोप है कि उनके घर से निकलने के कुछ समय बाद आरोपी अपने दो साथियों के साथ दोबारा वहां पहुंचा। उस समय किशोरी घर में अकेली थी।

सैनिटाइजर छिड़ककर आग लगाने का आरोप

परिवार के मुताबिक, तीनों आरोपियों ने किशोरी को घेर लिया। इसी दौरान मुख्य आरोपी ने कथित तौर पर किशोरी पर सैनिटाइजर छिड़का और आग लगा दी। आग लगते ही किशोरी चीखने लगी।

उसकी चीखें सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था। पड़ोसियों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी। परिजन पहुंचे और दरवाजे का ताला तोड़कर किशोरी को बाहर निकाला।

80 फीसदी झुलसी, PGI चंडीगढ़ रेफर

किशोरी को तत्काल फेज6 स्थित सिविल अस्पताल ले जाया गया। उसकी हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार, किशोरी का करीब 80 फीसदी शरीर झुलस गया है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही फेज8बी पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। मामले में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है और उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

पुलिस परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों की भी जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि वारदात की पूरी योजना क्या थी, आरोपियों की भूमिका क्या रही और घटना के पीछे वास्तविक वजह क्या थी। फिलहाल आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। मामले में आगे की कार्रवाई उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर की जाएगी।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply