Satya Report: केडीए बोर्ड की बैठक में मेट्रो परियोजनाओं का विशेष सुख सुविधा परियोजना में अधिसूचित किए जाने का प्रस्ताव रखा गया है। मुहर लगते ही आपको विशेष सुख सुविधा शुल्क देना पड़ेगा। केडीए बोर्ड की बैठक गुरुवार को होगी। इसमें 11 नए प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी जिसमें दो प्रस्ताव बजट से संबंधित हैं।

अगर आप मेट्रो ट्रैक से एक किलोमीटर तक दोनों तरफ के किसी भूखंड का नक्शा पास कराएंगे तो आपको विकास शुल्क का 25 प्रतिशत ज्यादा देना होगा। इसके लिए केडीए बोर्ड की बैठक में मेट्रो परियोजनाओं का विशेष सुख सुविधा परियोजना में अधिसूचित किए जाने का प्रस्ताव रखा गया है। इस पर मुहर लगते ही आपको विशेष सुख सुविधा शुल्क देना पड़ेगा। केडीए बोर्ड की बैठक गुरुवार को होगी। इसमें 11 नए प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी जिसमें दो प्रस्ताव बजट से संबंधित हैं। केडीए शहर में विकास का बजट पेश करेगा। इसके अलावा टाउन प्लानिंग से संबंधित छह प्रस्ताव रखे गए हैं।
फ्लैटों की कम हो सकतीं हैं दरें
आवास और शहरी नियोजन के शासनादेश और गाइड लाइंस के मुताबिक शहर की बहुमंजिला आवासीय परियोजनाओं में फ्लैटों की दरें कम हो सकती हैं। बोर्ड में शासनादेश को स्वीकृति दिए जाने का प्रस्ताव है। मंडलायुक्त की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में फ्लैटों का कब्जा पंजीकृत अनुबंध के आधार पर दिए जाने का निर्णय हो सकता है। .
बोर्ड बैठक में स्वरूप नगर घंटा घर में महिला मार्केट-कॉमर्शियल काम्प्लेक्स के निर्माण को एनओसी दिए जाने का प्रस्ताव भी है। इस मार्केट को पीपीपी मॉडल पर नगर निगम द्वारा बनाए जाने और संचालित किए जाने की परियोजना चार वर्ष पहले तैयार की गई थी। बुधवार को केडीए उपाध्यक्ष मदन सिंह गर्ब्याल ने सचिव अभय कुमार पांडेय और अन्य अफसरों के साथ बोर्ड बैठक की तैयारियों की समीक्षा की।



