
फुकेट, थाईलैंड: थाईलैंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल फुकेट में सोमवार तड़के एक भीषण हादसा हो गया। पातोंग इलाके में स्थित चार मंजिला व्यावसायिक इमारत में अचानक आग लग गई। इस हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत की खबर है, जबकि 16 अन्य घायल बताए जा रहे हैं। आग इतनी तेजी से फैली कि इमारत के अंदर मौजूद लोगों को संभलने का पर्याप्त समय नहीं मिल सका।
पुलिस के मुताबिक, आग सोमवार सुबह करीब 3:30 बजे लगी। सूचना मिलते ही दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकलकर्मियों को आग पर पूरी तरह काबू पाने में लगभग दो घंटे का समय लगा।
इमारत के अंदर मिले 11 लोगों के शव
आग बुझाने के बाद राहत और बचाव दल ने इमारत के अंदर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान 11 लोगों के शव बरामद किए गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मृतकों में थाईलैंड और म्यांमार के नागरिक शामिल हैं।
हादसे में 16 लोग घायल भी हुए हैं। बताया जा रहा है कि कई लोगों को धुएं के कारण दम घुटने और कांच से चोट लगने जैसी परेशानियां हुईं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
आग लगने की वजह का पता लगाने में जुटे अधिकारी
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि चार मंजिला इमारत में आग किस वजह से लगी। संबंधित अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं। जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों और हादसे से जुड़ी अन्य परिस्थितियों का पता चल सकेगा।
थाईलैंड में इससे पहले भी आग लगने की बड़ी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। जुलाई में बैंकॉक के एक बार में आग लगने से बड़ी संख्या में लोगों की जान जाने की खबर आई थी। वहीं, वर्ष 2009 में नए साल के जश्न के दौरान एक नाइट क्लब में लगी आग में 67 लोगों की मौत हुई थी।
फुकेट की इस घटना ने एक बार फिर व्यावसायिक इमारतों में अग्नि सुरक्षा और आपातकालीन बचाव व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



