
Gold Reserve Found In Andhra Pradesh: इस खोज से राज्य की खनन क्षमता और आर्थिक संभावनाओं में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद है. यह राज्य भविष्य में भारत का सबसे बड़ा सोना उत्पादक बन सकता है.
Gold Reserve Found In Andhra Pradesh : भारत में सोने के उत्पादन को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है. आंध्र प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में भारी मात्रा में सोने के भंडार मिलने की संभावना जताई गई है, जिससे यह राज्य भविष्य में देश का सबसे बड़ा सोना उत्पादक बन सकता है. आंध्र प्रदेश के कर्नूल जिले में स्थित जॉननागिरी गांव में सोने के बड़े भंडार मिलने की जानकारी भी है. प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए, प्रमुख सचिव (खनन) मुकेश कुमार मीना ने बीते गुरुवार यानी 18 जून 2026 को कहा कि केवल इस क्षेत्र में लगभग 50 टन सोना मौजूद होने का अनुमान है. इसके अलावा राज्य में रामागिरी, जाव्वाकुला और चिगुरुकुंटा बिस्नातम जैसे चार अन्य स्थानों पर भी सोने के संभावित भंडार की पहचान की गई है.
जॉननागिरी में खनन
अधिकारी के मुताबिक, जोन्नागिरी में कमर्शियल गोल्ड प्रोडक्शन पहले ही शुरू हो चुका है. उन्होंने बताया कि जॉननागिरी गांव में लगभग 1500 एकड़ भूमि सोने के खनन के लिए पहले ही आवंटित की गई थी, लेकिन अभी तक केवल 500 एकड़ क्षेत्र में ही खोज कार्य पूरा हुआ है. प्रारंभिक जांच के आधार पर इस क्षेत्र में करीब 13 टन सोने के भंडार का अनुमान लगाया गया है. बाकी बचे 1000 एकड़ क्षेत्र में अभी भी खोज और परीक्षण कार्य होना बाकी है, जिसे आगे चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा. इसी आधार पर पूरे क्षेत्र में कुल सोने का अनुमान 50 टन तक पहुंचने की उम्मीद है.
चुनौतियां और संभावनाएं
बताया गया कि सोने का खनन एक अत्यधिक पूंजी-प्रधान और तकनीकी रूप से जटिल उद्योग है, जिसमें बड़े निवेश और विशेष विशेषज्ञता की आवश्यकता होती है. इसी कारण सरकार ने खनन कार्य निजी कंपनियों को टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से सौंपने का निर्णय लिया है. उन्होंने यह भी बताया कि पिछले कुछ वर्षों में सोने की रिकवरी दर में लगातार गिरावट आई है. पहले एक टन खनिज से लगभग तीन ग्राम सोना प्राप्त होता था, लेकिन अब यह घटकर करीब एक ग्राम प्रति टन रह गया है. उन्होंने आगे कहा कि जब किसी खदान से सोने की रिकवरी 0.8 ग्राम प्रति टन से कम हो जाती है, तो वहां खनन कार्य आर्थिक रूप से लाभकारी नहीं रह जाता. मुकेश कुमार मीना ने यह भी जानकारी दी कि मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू इस महीने के अंत में जॉननागिरी गोल्ड माइनिंग प्रोजेक्ट का औपचारिक शुभारंभ कर सकते हैं.



