चंडीगढ़ : शहर में एक बार फिर से दहशत का माहौल पैदा करने की कोशिश की गई है। चंडीगढ़ के चार नामी स्कूलों को एक साथ बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस कंट्रोल रूम को जैसे ही यह सूचना मिली, तुरंत पूरे महकमे को हाई अलर्ट पर कर दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी संबंधित स्कूलों और उनके आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस की कई टीमें चप्पेचप्पे की गहन तलाशी ले रही हैं।

बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड कर रहे चप्पेचप्पे की जांच
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जिन स्कूलों को यह धमकी मिली है, उनमें सेक्टर9बी स्थित कॉर्मेल कॉन्वेंट स्कूल, सेक्टर26 का सेंट जॉन्स हाई स्कूल और सेक्रेड हार्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, तथा सेक्टर45बी स्थित सेंट स्टीफंस स्कूल शामिल हैं। सूचना मिलते ही इन सभी स्कूलों के परिसरों में बम डिटेक्शन टीम और डॉग स्क्वायड को उतार दिया गया है। फिलहाल स्कूल परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी को टाला जा सके और छात्रों व स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
धमकी के स्रोत की हो रही तलाश, पहले भी आ चुका है ऐसा मामला
फिलहाल पुलिस और तकनीकी एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि यह धमकी भरा संदेश या कॉल किस नंबर से और कहां से आया था। हालांकि, राहत की बात यह है कि अभी तक किसी भी स्कूल से वास्तविक विस्फोटक या कोई संदिग्ध वस्तु मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सुरक्षा एजेंसियां इस धमकी की सत्यता जांचने के साथसाथ तकनीकी सुराग भी खंगाल रही हैं। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही चंडीगढ़ में पंजाब एवं हरियाणा सचिवालय स्थित सीआईएसएफ कंट्रोल रूम को भी ईमेल के जरिए ऐसी ही बम की धमकी मिली थी। उस समय भी ऑपरेशन सेल और डॉग स्क्वायड ने जांच की थी, लेकिन मौके से कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी।



