
Sitapur Crime News: उत्तर प्रदेश के सीतापुर में वीडियो गेम खेलने को लेकर बच्चों के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के दौरान एक किशोर और एक युवक पर नुकीली वस्तु से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल किशोर की इलाज के लिए लखनऊ ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। पुलिस ने मामले में पिता और बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
बच्चों की कहासुनी से बढ़ा विवाद
जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात शहर कोतवाली क्षेत्र के सरदार फार्म इलाके में कुछ बच्चे वीडियो गेम खेल रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच बहस हो गई। शुरुआत में मामला बच्चों तक सीमित था, लेकिन थोड़ी ही देर में दोनों पक्षों के परिजन भी आमने-सामने आ गए और विवाद बढ़ गया।
मारपीट के दौरान नुकीली वस्तु से हमला
बताया जा रहा है कि बाद में दोनों पक्ष कमेला क्षेत्र स्थित एक मेडिकल स्टोर के पास पहुंचे, जहां मोहम्मद दानिश और किशोर अयान का सलीम तथा उसके बेटे शोएब से विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी के दौरान दोनों पर किसी नुकीली वस्तु से हमला कर दिया गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
इलाज के दौरान किशोर ने तोड़ा दम
घटना के बाद परिजन दोनों घायलों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने अयान की गंभीर हालत को देखते हुए उसे लखनऊ रेफर कर दिया। हालांकि इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। वहीं घायल मोहम्मद दानिश का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
पुलिस ने पिता-पुत्र को दबोचा
किशोर की मौत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सलीम और उसके बेटे शोएब को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस घटना में इस्तेमाल की गई नुकीली वस्तु की तलाश कर रही है और आसपास के साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।
मामले की जांच जारी
पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच विवाद की पूरी वजह और घटनाक्रम की गहन जांच की जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



