CrimeDelhiIndiaTrending

तिलक नगर मर्डर केस: दूसरे युवक से चैट देखकर भड़का था आकिब, मॉडल मुस्कान की हत्या के आरोपी का एनकाउंटर; दोनों पैरों में लगी 3 गोलियां..​​​​​​

Delhi Muskan Sharma Murder Case: दिल्ली के तिलक नगर इलाके में मॉडल मुस्कान शर्मा की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी आकिब उर्फ इमरान को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। राजौरी गार्डन इलाके में पुलिस और आरोपी के बीच हुई मुठभेड़ में आकिब के दोनों पैरों में तीन गोलियां लगीं। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक देसी पिस्टल भी बरामद की है।

राजौरी गार्डन में पुलिस से हुई मुठभेड़

पुलिस के मुताबिक, ओल्ड महावीर नगर में बुधवार रात मॉडल मुस्कान शर्मा की उसके घर में घुसकर चाकू से हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद आरोपी आकिब मौके से फरार हो गया था।

पुलिस ने उसकी तलाश के लिए पश्चिमी जिले की अलग-अलग यूनिटों की करीब 15 टीमें लगाईं। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस को आरोपी की लोकेशन का सुराग मिला।

राजौरी गार्डन में नाला रोड के पास पुलिस ने उसे घेर लिया। पुलिस के अनुसार, खुद को घिरा देखकर आकिब ने टीम पर चार राउंड फायरिंग की। जवाब में पुलिस ने सात राउंड फायर किए। मुठभेड़ में आकिब के दोनों पैरों में तीन गोलियां लगीं और पुलिस ने उसे घायल हालत में पकड़ लिया।

पुलिस के मुताबिक, दोनों तरफ से कुल 11 राउंड फायरिंग हुई। आरोपी के पास से एक देसी पिस्टल बरामद की गई है।

CCTV फुटेज ने खोला फरार आरोपी का रास्ता

पश्चिमी जिला पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद जांच टीमों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में आकिब को शाम करीब 5:45 बजे मुस्कान के घर में दाखिल होते और करीब 6 बजे बाहर निकलते देखा गया।

इसके बाद पुलिस ने उसके संभावित एग्जिट रूट पर नजर रखी। मुखबिरों से मिले इनपुट के साथ सीसीटीवी फुटेज को जोड़ते हुए पुलिस टीम आरोपी तक पहुंची।

बताया गया है कि हेड कांस्टेबल जितेंद्र और नंद किशोर ने उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने चेतावनी के बावजूद फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई की गई।

दूसरे युवक से चैट देखकर खो बैठा आपा?

पुलिस की शुरुआती पूछताछ में हत्या के पीछे मोबाइल चैट को लेकर विवाद की बात सामने आई है। वारदात के बाद आरोपी मुस्कान का मोबाइल भी अपने साथ ले गया था।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मोबाइल बरामद कर लिया। फोन की जांच के दौरान मुस्कान और आकिब के बीच हुई बातचीत के अलावा किसी अन्य युवक के साथ मुस्कान की चैट सामने आने की बात पुलिस ने कही है।

पुलिस के अनुसार, दूसरे युवक के साथ मुस्कान की बातचीत देखकर आकिब कथित तौर पर गुस्से में आ गया था। जब मुस्कान ने उसे घर से बाहर जाने के लिए कहा, तो विवाद बढ़ गया।

बिस्तर पर पटककर चाकू से किए कई वार

पुलिस के मुताबिक, विवाद के दौरान आकिब ने मुस्कान को बिस्तर पर पटक दिया। इसके बाद उसने चाकू से उसके पेट और सीने पर कई वार किए।

गंभीर रूप से घायल मुस्कान की मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी उसका मोबाइल लेकर मौके से फरार हो गया था।

पुलिस अब मोबाइल चैट और दूसरे डिजिटल सबूतों की भी जांच कर रही है, ताकि हत्या की पूरी वजह और वारदात से पहले दोनों के बीच क्या बातचीत हुई थी, इसका पता लगाया जा सके।

पहले से दर्ज हैं गंभीर आपराधिक मामले

पुलिस के अनुसार, आकिब का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। वह तिलक नगर थाने का हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है।

जांच में सामने आया कि वर्ष 2018 में एक नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट करने के मामले में आकिब के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था। इस मामले में वह जेल भी गया था।

इसके बाद वर्ष 2021 में एक व्यक्ति पर पत्थर की सिल्ली से हमला कर जान से मारने की कोशिश के आरोप में भी उसे गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के मुताबिक, दोनों मामले फिलहाल अदालत में विचाराधीन हैं और आरोपी जमानत पर बाहर था।

मुस्कान ने जुलाई में भी की थी शिकायत

पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि मुस्कान ने 18 जुलाई को आकिब द्वारा कथित तौर पर परेशान किए जाने की शिकायत की थी।

अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि शिकायत के बावजूद आकिब को जिम में नौकरी कैसे मिली। पुलिस यह भी जांच करेगी कि नौकरी देने से पहले उसका पुलिस सत्यापन कराया गया था या नहीं। इस संबंध में जिम मालिक से भी पूछताछ की जाएगी।

नशे की लत का भी सामने आया जिक्र

पुलिस के अनुसार, आकिब को नशे की लत थी। उसे नशामुक्ति केंद्र में भी भेजा गया था। हालांकि, वहां कथित तौर पर खुद को नुकसान पहुंचाने के बाद उसे 30 जुलाई को वहां से छोड़ दिया गया था।

पुलिस अब उसके नशे से जुड़े रिकॉर्ड और इस दौरान उसके संपर्क में रहे लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

फरारी में किसने दी पनाह? हथियार की भी जांच

आकिब की गिरफ्तारी के बाद पुलिस के सामने अब कई सवाल हैं। सबसे अहम सवाल यह है कि हत्या के बाद फरार रहने के दौरान उसे किसने पनाह दी।

इसके अलावा पुलिस यह भी पता लगा रही है कि मुठभेड़ के दौरान उसके पास मौजूद देसी पिस्टल उसे कहां से मिली और हथियार किसने उपलब्ध कराया।

पुलिस आरोपी के मोबाइल की कॉल डिटेल, लोकेशन और उसके संपर्क में रहे लोगों की जानकारी खंगाल रही है। जांच के आधार पर उसके संभावित मददगारों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

फिलहाल आकिब अस्पताल में पुलिस की निगरानी में है। उसके खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस हत्याकांड से जुड़े अन्य तथ्य भी सामने आ सकते हैं।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply