शिमला हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की जान चली गई। रामपुर उपमंडल के तकलेच चौकी क्षेत्र के उरमण इलाके में एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार सभी छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहतबचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद सभी शवों को खाई से बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
मृतकों में पिकअप चालक अशोक जेन , अभिषेक सनी , लायक राम , नीतीन , आशा कुमारी और युगल शामिल हैं। सभी मृतक शिमला और कुल्लू जिलों के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि वाहन चालक का नियंत्रण खोने के कारण यह हादसा हुआ, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया है। इस हृदयविदारक हादसे से रामपुर और आनी क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।



