CM Yogi Mirzapur Accident News: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में देर रात एक बेकाबू ट्रक घर में जा घुसा, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई। यह घटना मिर्पुजार के अहरोरा पुलिस स्टेशन इलाके में कुदरन क्रॉसिंग के पास तड़के करीब 3 बजे हुई। यहां वाराणसी से सोनभद्र जा रहे एक ट्रक का टायर फटने से वह बेकाबू हो गया और एक घर से जा टकराया। घर की दीवार भरभराकर वहां मौजूद सो रहे लोगों पर गिर गई और इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। भोर में हुई इस घटना के बाद अफरातफरी का माहौल बन गया।

आसपास के लोगों ने तुरंत मलबा हटाकर अंदर फंसे लोगों को बचाने का काम किया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने भी बचाव अभियान चलाते हुए सभी को मलबे से बाहर निकाला। हादसे में मारे गए मृतकों की पहचान राजाराम राजभर , सुखिया और चांदतारा के रूप में हुई। इस हादसे में 12 वर्षीय सुहानी निवासी मुजेहरा देहात कोतवाली तथा 45 वर्षीय सुनील शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
सीएम योगी ने हादसे पर जताया दुख
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मिर्जापुर जिले में हुए सड़क हादसे का संज्ञान लिया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की, अधिकारियों को घायलों के उचित इलाज का निर्देश दिया और प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद मुहैया कराने का आदेश दिया। मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल लोगों के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की।



