IndiaTrendingUttar Pradesh

विमान के चलते प्रोपेलर की चपेट में आई ट्रेनी पायलट, मामले को छिपाने की कोशिश; DGCA ने दिए जांच के आदेश

कानपुर : उत्तर प्रदेश के कानपुर से आई यह खबर आपको अंदर तक हिला देगी। यहां एक फ्लाइंग ट्रेनिंग ऑर्गेनाइजेशन की इतनी बड़ी और जानलेवा लापरवाही सामने आई है, जिसने एक महिला ट्रेनी पायलट की जान जोखिम में डाल दी। चालू इंजन वाले विमान से उतारे जाने के दौरान यह छात्रा तेज रफ्तार प्रोपेलर की चपेट में आ गई, जिससे उसकी पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं।

विमान के चलते प्रोपेलर की चपेट में आई ट्रेनी पायलट, मामले को छिपाने की कोशिश; DGCA ने दिए जांच के आदेश

रात के अंधेरे में घटी घटना

जानकारी के मुताबिक, यह खौफनाक हादसा शुक्रवार की देर रात कानपुर के चकेरी एयरपोर्ट पर हुआ। यहां गर्ग एविएशन के ट्विनइंजन टेक्नाम P2006T एयरक्राफ्ट के जरिए नाइट इंस्ट्रक्शनल फ्लाइंग दी जा रही थी। इस विमान में एक फ्लाइट इंस्ट्रक्टर और एक महिला कैडेट सवार थीं। बताया जा रहा है कि लैंडिंग के बाद इंस्ट्रक्टर ने भारी सुरक्षा चूक करते हुए विमान का इंजन बंद किए बिना ही कैडेट को नीचे उतार दिया।

प्रोपेलर से टकराई पीठ, अस्पताल में चल रहा इलाज

इंजन चालू होने के कारण विमान के प्रोपेलर तेज रफ्तार से घूम रहे थे। जैसे ही महिला कैडेट विमान से नीचे उतरकर आगे की तरफ बढ़ी, वह उस घूमते हुए प्रोपेलर की चपेट में आ गई। प्रोपेलर सीधे उसकी पीठ से जा टकराया, जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गई। घटना के तुरंत बाद आननफानन में उसे कानपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां फिलहाल उसका गहन इलाज चल रहा है।

मामले को छिपाने की कोशिश, DGCA ने दिए जांच के आदेश

इस पूरी घटना में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि गर्ग एविएशन ने इतनी बड़ी दुर्घटना की आधिकारिक जानकारी नागरिक उड्डयन महानिदेशालय को दी ही नहीं। मामले का खुलासा होने के बाद DGCA ने इसे बेहद गंभीरता से लिया है और मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। तत्काल प्रभाव से सख्त कार्रवाई करते हुए उस फ्लाइट इंस्ट्रक्टर को जांच पूरी होने तक ड्यूटी से हटा दिया गया है। इसके अलावा, हादसे में शामिल विमान को भी जांच लंबित रहने तक उड़ान भरने से पूरी तरह रोक दिया गया है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply