न्यायधानी में मंगलवार को हत्या की दो अलग-अलग घटनाओं ने शहर में सनसनी फैला दी है। एक ओर सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के नयापारा में दो सगे भाइयों ने एक युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी। वहीं दूसरी ओर सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक वृद्ध ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी। लगातार हुई इन दो घटनाओं से शहर में दहशत का माहौल है।
ताजा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित दीनदयाल आवास कॉलोनी, मॉडर्न स्कूल के पास का है। जानकारी के अनुसार 65 वर्षीय पंचू सोनवानी ने चरित्र संदेह के चलते अपनी पत्नी सुमित्रा सोनवानी की धारदार हथियार से गले पर वार कर हत्या कर दी।

घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस दल बल के साथ मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण पारिवारिक विवाद और चरित्र संदेह बताया जा रहा है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पति पंचू सोनवानी को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
खून से लथपथ मिला था युवक का शव
सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के नयापारा स्थित गणेश नगर में आज सुबह एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। गली के बीचों-बीच शव पड़े होने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची सिरगिट्टी पुलिस ने मौके का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। बता दें कि मृतक की पहचान गणेश नगर निवासी इरफान बघीरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आज सुबह जब मोहल्ले के लोग घरों से बाहर निकले तो उन्होंने गली में युवक का शव पड़ा देखा। शव के आसपास काफी मात्रा में खून फैला हुआ था। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।



