देशभर में अब बाहर खानापीना महंगा होने लगा है. कॉफी, डोसा और रोजाना मिलने वाली खाने की थाली के लिए लोगों को पहले के मुकाबले ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं. दरअसल, दूध, पनीर, घी, मक्खन, चावल, दाल, चीनी, तेल और सब्जियों की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण रेस्टोरेंट संचालकों पर खर्च का दबाव बढ़ गया है. ऐसे में कई रेस्टोरेंट ने अपने मेन्यू में 5 से 10 फीसदी तक की बढ़ोतरी कर दी है.

मंनीकंट्रोल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 6 से 8 महीनों में खानेपीने की चीजों और अन्य जरूरी सामान की लागत करीब 15 से 20 फीसदी तक बढ़ गई है. इसके अलावा गैस और ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी ने भी कारोबार का खर्च बढ़ा दिया है. दूध, पनीर, चीज और दूसरी खाद्य सामग्री महंगी होने से रेस्टोरेंट के मुनाफे पर असर पड़ रहा है. इसलिए अब इस बढ़े हुए खर्च का कुछ बोझ ग्राहकों पर डाला जा रहा है.
डोसा और साउथ इंडियन खाना भी महंगा
खास तौर पर दूध से बनने वाली चीजों की कीमतों में बढ़ोतरी का असर रेस्टोरेंट के मेन्यू पर दिखाई दे रहा है. घी और मक्खन महंगा होने से डोसा, चावल से बने व्यंजन और दूसरी कई डिश की लागत बढ़ गई है. पिछले ढाई महीने में घी और मक्खन की कीमत करीब 150 रुपए प्रति किलो बढ़ गई है. इसमें लगभग 25 से 30 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है. इसका असर कई रेस्टोरेंट के खाने और पेय पदार्थों की कीमतों पर पड़ा है.
दूध की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है. अमूल ने 12 नवंबर से अपने ताजा पैकेट वाले दूध की कीमत 2 से 4 रुपए प्रति लीटर बढ़ा दी है. अमूल ताजा 2 रुपए और अमूल गोल्ड 4 रुपए प्रति लीटर महंगा हो गया है. वहीं, मदर डेयरी ने भी दिल्लीएनसीआर में दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपए प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की है.
इससे पहले कर्नाटक मिल्क फेडरेशन ने नंदिनी दूध 8 रुपए प्रति लीटर और दही 14 रुपए प्रति किलो महंगा किया था. दूध महंगा होने से पनीर, चीज, मिठाई और दूध से बनने वाले दूसरे उत्पादों की लागत भी बढ़ जाती है.
दाल, चावल और सब्जियों ने भी बढ़ाया खर्च
रेस्टोरेंट के लिए परेशानी सिर्फ दूध और उससे बनने वाले उत्पादों तक सीमित नहीं है. चावल, दाल, चीनी, खाने का तेल और सब्जियों की कीमतें भी बढ़ी हैं. इन चीजों की कीमतों में बढ़ोतरी से कुल खर्च 5 से 7 फीसदी तक बढ़ गया है. पहले जिस खाने की थाली की कीमत 100 रुपए थी, अब उसके लिए 105 से 110 रुपए तक खर्च करने पड़ सकते हैं.



