समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव ने गुरुवार को गाजियाबाद स्थित डासना जेल में पूर्व मंत्री आजम खान से मुलाकात की. शिवपाल यादव पूर्व तय समय के अनुसार सुबह 11 बजे गाजियाबाद की डासना जेल पहुंचे और आजम खान से मुलाकात की. आजम खान से मुलाकात के बाद शिवपाल यादव ने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि आजम खान के साथ उत्पीड़न हो रहा है और दावा किया कि आजम खान सपा में थे और रहेंगे. बता दें कि इससे पहले समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव रामपुर जेल जाकर आजम खान से मुलाकात की थी.

उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि अभी हम आजम खान से मिल कर आ रहे हैं. आजम खान के साथ लगातार उत्पीड़न हो रहा है. अब केवल कोर्ट पर यकीन है और कोर्ट ही उनको राहत देगी, मदद करेगी. शासन, प्रशासन लगातार उत्पीड़न कर रहा है.
ने कहा कि सभी मुकदमें झूठे हैं. उनका दोष केवल इतना है कि उन्होंने गरीब बच्चों के लिए यूनिवर्सिटी बनाई, दूसरा वे मुसलमान हैं, जिसकी वजह से उनके साथ अन्याय हो रहा है.
कई बार जान लेने की कोशिश की गई… शिवपाल का आरोप
उन्होंने आरोप लगाया कि आजम खान के साथ उत्पीड़न हो रहा है. सब तरीके से उनकी जान ले ली जाए. कई बार प्रयास किया गया, लेकिन वो मजबूती से खड़े हुए हैं. उन्होंने साफ कहा कि लेकिन वो सपा में थे और रहेंगे. इस वजह से उनके पूरे परिवार पर उत्पीड़न हो रहा है.
इस दौरान शिवपाल यादव ने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रशासन की ओर से आजम खान को प्रताड़ित किया जा रहा है. उन पर एक के बाद एक कई फर्जी मुकदमे किए जा रहे हैं. शिवपाल यादव ने साफ कहा कि वर्तमान सरकार से न्याय की कोई उम्मीद नहीं है. अब केवल अदालत पर ही भरोसा है और कोर्ट से ही उन्हें इंसाफ और राहत मिलेगी.
आजम खान के साथ हो रहा उत्पीड़न… बोले शिवपाल यादव
शिवपाल यादव ने आजम खान का पक्ष लेते हुए कहा कि उनका कसूर केवल इतना है कि उन्होंने गरीब बच्चों की शिक्षा के लिए विश्वविद्यालय बनाया था. शिवपाल ने कहा कि आजम खान दस बार विधायक, चार बार कैबिनेट मंत्री एवं दो बार सांसद रह चुके है. प्रशासन की ओर से एक वरिष्ठ जनप्रतिनिधि के साथ जिस तरह का अन्यायपूर्ण व्यवहार किया जा रहा है, वह बहुत ही बेहद निंदनीय है. उन्होंने साफ कहा कि आजम खान से उनके पारिवारिक और बेहद आत्मीय रिश्ते हैं, जो हमेशा रहेंगे. साथ ही उन्होंने साफ कहा कि पार्टी हर परिस्थिति में उनके साथ है.
शिवपाल यादव ने मुलाकात के तौरतरीकों पर नाराजगी जताते हुए जेल प्रशासन पर प्रोटोकॉल की अवहेलना करने का भी आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि आजम खान वर्तमान विधायक एवं पूर्व मंत्री हैं, इसके बावजूद उनकी मुलाकात बीच में जाली लगाकर करवाई गई, जो पूरी तरह से नियमों के खिलाफ है. उन्होंने साफ कहा कि अगले साल होने वाले चुनाव में समाजवादी पार्टी सत्ता में वापस लौटेगी.



