Nvidia के पूर्व CEO जेनसन हुआंग और एलिस हुआंग के कथित रिश्ते ने जिस विवाद को दुनिया के सामने ला दिया, उसकी कहानी अब एक नए मोड़ पर पहुंच गई है. अब तक चर्चा के केंद्र में रही एलिस हुआंग के पीछे एक ऐसा नाम सामने आया है, जिसे इस पूरे खेल का अहम खिलाड़ी बताया जा रहा है. यह नाम है 52 साल के चीनी नागरिक ली मिंग का. बताया जा रहा है कि एलिस सिर्फ चेहरा थी, जबकि ली मिंग ही असली मास्टरमाइंड है जो एलिस को कंट्रोल करता था. आरोप है कि उसने कई कंपनियों का नेटवर्क खड़ा करके Nvidia के उन AI चिप्स को चीन पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई, जिनकी बिक्री पर अमेरिका ने रोक लगा रखी थी.
द वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, सिंगापुर में जमानत पर बाहर चल रहा ली मिंग इस नेटवर्क का ऑपरेटर था. वह सिर्फ मेगास्पीड से जुड़ा व्यक्ति नहीं था, बल्कि कंपनी के बड़े फैसलों में भी उसकी भूमिका बताई गई है. रिपोर्ट के अनुसार, वह एलिस हुआंग और उसके पति कांग वेई के साथ मिलकर कई साल से काम कर रहा था.
कौन है ली मिंग?
ली मिंग 52 साल का चीनी नागरिक है. फरवरी 2025 में सिंगापुर में उस पर धोखाधड़ी के आरोप लगाए गए थे. मामला Nvidia चिप वाले सर्वर को गलत जानकारी देकर खरीदने और फिर उन्हें दूसरी जगह भेजने से जुड़ा है. फिलहाल वह जमानत पर है और केस चल रहा है. सिंगापुर के अभियोजकों का आरोप है कि ली ने अपनी कंपनी ‘लक्सुरिएट योर लाइफ’ के नाम पर Nvidia चिप वाले सर्वर खरीदे. खरीद के समय बताया गया कि इनका इस्तेमाल सिंगापुर में होगा. लेकिन आरोप है कि सर्वर पहले मलेशिया भेजे गए और फिर वहां से किसी तीसरे अज्ञात ठिकाने पर पहुंचा दिए गए. यही वह रास्ता था, जिसके जरिए अमेरिकी पाबंदियों के बावजूद चीन तक AI चिप पहुंचाने का आरोप है. हालांकि, इस मामले में आरोपों को अभी अदालत में साबित किया जाना बाकी है.
कारोबारी रिश्ता था. साल 2021 में एलिस और कांग ने ‘सेंचुरी लॉन्गटेंग’ नाम से क्लाउड कंप्यूटिंग कंपनी शुरू की थी. जनवरी 2023 में सोशल मीडिया पर सामने आई एक तस्वीर में ली मिंग शंघाई की एक AI उपकरण बनाने वाली कंपनी में नजर आया. उस पोस्ट में उसे सेंचुरी लॉन्गटेंग का एक स्ट्रैटेजिक अधिकारी बताया गया था. इसी दौरान अमेरिका ने चीन को Nvidia के एडवांस्ड सेमीकंडक्टर बेचने पर पाबंदियां कड़ी कर दी थीं. चीन की टेक कंपनियों को इन चिप्स की जरूरत थी. ऐसे में ली, एलिस और कांग ने दक्षिणपूर्व एशिया में कारोबारी साझेदारों का नेटवर्क तैयार करना शुरू किया, ताकि चीनी ग्राहकों तक कंप्यूटिंग की ताकत पहुंचाई जा सके.
इस नेटवर्क में सिंगापुर की कंपनी मेगास्पीड अहम कड़ी बनी. इस कंपनी में एलिस हुआंग मैनेजिंग डायरेक्टर थीं. रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने चीन की एक वीडियो गेम कंपनी की सिंगापुर यूनिट खरीदी और उसका नाम बदलकर मेगास्पीड रख दिया. इसके बाद मेगास्पीड ने Nvidia को बताया कि चीन की बड़ी टेक कंपनी अलीबाबा उसकी प्रमुख ग्राहक है. नवंबर 2023 में उसे Nvidia के क्लाउड पार्टनर प्रोग्राम में जगह मिल गई. इस दर्जे का फायदा यह था कि कंपनी को Nvidia के नए चिप खरीदने में प्राथमिकता मिल सकती थी. रिपोर्ट के मुताबिक, मेगास्पीड ने मलेशिया में सर्वर पहुंचाए और अलीबाबा को विदेश से कंप्यूटिंग सेवाएं दीं. लेकिन आरोप है कि कुछ सर्वर शंघाई की कंपनी ‘सेंचुरी लिटोंग’ तक भी पहुंचाए गए, जो अमेरिकी निर्यात नियमों का उल्लंघन हो सकता था. सेंचुरी लॉन्गटेंग साल 2024 तक सेंचुरी लिटोंग की बड़ी शेयरधारक थी.
कांग वेई का 9 अरब डॉलर से ज्यादा का नेटवर्क
इस कहानी में एलिस के पति कांग वेई की भूमिका भी कम अहम नहीं बताई जा रही. रिपोर्ट के मुताबिक, एलिस जहां Nvidia के चिप्स तक पहुंच बनाने की कोशिश कर रही थीं, वहीं कांग चीन में सरकारी मदद से बड़े डेटा सेंटर का नेटवर्क तैयार कर रहे थे. साल 2021 से 2024 के बीच कांग से जुड़े नेटवर्क में 9 अरब डॉलर से ज्यादा के प्रस्तावित निवेश सामने आए. इस पूरे डेटा सेंटर कारोबार के केंद्र में सेंचुरी लॉन्गटेंग थी. यानी मामला सिर्फ कुछ सर्वर इधर से उधर भेजने तक सीमित नहीं था, बल्कि चीन में AI कंप्यूटिंग क्षमता बढ़ाने के बड़े कारोबारी नेटवर्क से भी जुड़ा था.
जेनसन हुआंग अमेरिकी कांग्रेस मेंजवाब देंगे
इस पूरे विवाद का असर Nvidia के पूर्व CEO जेनसन हुआंग पर भी पड़ा. खबर के मुताबिक, एलिस हुआंग के साथ कथित रिश्ते और कंपनी के एक अन्य कर्मचारी से जुड़े मामलों के बाद उन्होंने 12 नवंबर को CEO, अध्यक्ष और बोर्ड सदस्य के पद से इस्तीफा दे दिया. Nvidia के बोर्ड ने CFO कोलेट क्रेस को अंतरिम CEO बनाया है. कंपनी ने एलिस के साथ जेनसन के रिश्ते की आंतरिक जांच भी शुरू की है. हालांकि, बोर्ड का कहना है कि उसे नहीं लगता कि कंपनी की गोपनीय जानकारी या राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी बातें लीक हुई हैं. जेनसन हुआंग को 1 दिसंबर को अमेरिकी कांग्रेस की संयुक्त बैठक में पेश होकर इस मामले पर जानकारी देनी है.



