TrendingUttar Pradesh

​फर्जी मार्कशीट से हथियाई आंगनबाड़ी की नौकरी! जांच में खुली पोल, बर्खास्तगी के 3 महीने बाद FIR

​फर्जी मार्कशीट से हथियाई आंगनबाड़ी की नौकरी! जांच में खुली पोल, बर्खास्तगी के 3 महीने बाद FIR

हरदोई। फर्जी दस्तावेज के सहारे आंगनबाड़ी कार्यकत्री की नौकरी हासिल करने का मामला सामने आया है। बावन ब्लॉक के सकाहा आंगनबाड़ी केंद्र पर तैनात कमला सिंह पर आरोप है कि उन्होंने नौकरी पाने के लिए फर्जी हाईस्कूल की मार्कशीट का इस्तेमाल किया। जांच में दस्तावेज फर्जी पाए जाने के बाद उन्हें 23 जून को बर्खास्त कर दिया गया था। अब बर्खास्तगी के करीब तीन महीने बाद उनके खिलाफ धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेज से जुड़े मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।

IGRS शिकायत के बाद खुला मामला

मामला तब सामने आया जब राजरानी नाम से IGRS पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि कमला सिंह ने आंगनबाड़ी कार्यकत्री पद पर नियुक्ति के लिए जो शैक्षणिक दस्तावेज लगाए थे, वे फर्जी हैं।

शिकायत के बाद बाल विकास पुष्टाहार विभाग ने दस्तावेजों की जांच कराई। बावन ब्लॉक कार्यालय की ओर से शिव संकट हरण संस्कृत महाविद्यालय, सकाहा के प्रधानाध्यापक से कमला सिंह के शैक्षणिक दस्तावेजों का सत्यापन कराया गया।

मार्कशीट पर कमला की जगह दर्ज था दूसरे का नाम

जांच रिपोर्ट में सामने आया कि वर्ष 1988 की हाईस्कूल मार्कशीट के अनुक्रमांक संख्या 31045 पर कमला सिंह का नाम दर्ज नहीं था। रिकॉर्ड में इसी अनुक्रमांक पर ‘मालती पुत्री रामपाल सिंह’ का नाम दर्ज पाया गया। जांच के बाद विभाग ने दस्तावेजों को फर्जी माना।

जांच रिपोर्ट सही पाए जाने के बाद जिला कार्यक्रम अधिकारी ने जिलाधिकारी की मंजूरी से 23 जून को कमला सिंह की संविदा सेवाएं समाप्त करते हुए उन्हें आंगनबाड़ी कार्यकत्री पद से बर्खास्त कर दिया।

बर्खास्तगी के तीन महीने बाद दर्ज कराया मुकदमा

बर्खास्तगी के करीब तीन महीने बाद जिला प्रशासन के निर्देश पर बावन की बाल विकास परियोजना अधिकारी सारिका सिंह ने बेहटा गोकुल थाने में तहरीर दी। पुलिस ने कमला सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज के इस्तेमाल समेत संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।

सीडीपीओ सारिका सिंह ने तहरीर में बताया कि कमला सिंह पत्नी अनिल कुमार सिंह बावन ब्लॉक के सकाहा आंगनबाड़ी केंद्र पर कार्यकत्री के पद पर तैनात थीं।

बेहटा गोकुल के एसएचओ मार्कंडेय सिंह ने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

ः

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply