
बलरामपुर, अमृत विचार: आदर्श नगर पालिका परिषद बलरामपुर क्षेत्र के लोगों को जल्द ही आधुनिक एवं सर्वसुविधायुक्त मैरिज हॉल की सौगात मिलने जा रही है। नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ के प्रयासों से मैरिज हॉल निर्माण के लिए 6 करोड़ 53 लाख 60 हजार रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा के मार्गदर्शन में स्वीकृत परियोजना का निर्माण शारदीय नवरात्र में भूमि पूजन के साथ शुरू कराया जाएगा।
अध्यक्ष प्रतिनिधि डीपी सिंह बैस ने बताया कि नगर में लंबे समय से आधुनिक सुविधाओं से युक्त बड़े आयोजन स्थल की जरूरत महसूस की जा रही थी। मैरिज हॉल बनने के बाद नगरवासियों को शादीविवाह, पारिवारिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों के लिए बेहतर और सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा।
परियोजना का भव्य 3डी मॉडल भी तैयार हो चुका है। मॉडल में प्रस्तावित भवन की आधुनिक डिजाइन, संरचना और सुविधाओं की झलक दिखाई गई है। नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने कहा कि यह परियोजना नगर के विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। निर्माण पूरा होने के बाद लोगों को कार्यक्रमों के आयोजन के लिए सुविधा मिलेगी और नगर की आधारभूत सुविधाओं में भी इजाफा होगा।
ः



