उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, लिवइन रिलेशनशिप में रहने की जिद को लेकर महिला का अपने चचेरे भाई से विवाद चल रहा था. आरोप है कि पीछा छुड़ाने के लिए चचेरे भाई ने उसे जंगल में ले जाकर दुपट्टे से गला दबा दिया. इतना ही नहीं, उसने महिला की तीन साल की बच्ची को भी जान से मारने की कोशिश की. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.

मामला बुधवार सुबह सामने आया, जब आलमपुर एड़वा गांव के जंगल में रामगंगा पोषक नहर के पास गन्ने के खेत से एक महिला का अधजला शव बरामद हुआ. शव के पास ही उसकी तीन साल की बच्ची रोतीबिलखती मिली. बच्ची की हालत देखकर पुलिस और आसपास मौजूद लोगों के होश उड़ गए.
पुलिस ने शव की पहचान कराने के लिए जांच शुरू की. शुक्रवार को नबलपुर निवासी अनिल कुमार ने शव की पहचान अपनी पत्नी उषा सैनी के रूप में की.
पति से विवाद के बाद अलग रह रही थी उषा
पुलिस जांच में सामने आया कि उषा का अपने पति अनिल कुमार से विवाद चल रहा था. इसके बाद वह चांदपुर के स्याऊ इलाके में किराए के मकान में रह रही थी. अनिल ने पुलिस को बताया कि उषा के अपने चचेरे भाई नीरज से संबंध थे. उसने नीरज पर ही पत्नी की हत्या का शक जताया था.
इसके बाद पुलिस ने नीरज को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों के बीच लंबे समय से अंतरंग संबंध होने की बात सामने आई.
हरिद्वारऋषिकेश घूमने के बाद बढ़ा विवाद
पुलिस के मुताबिक, रविवार को नीरज उषा को हरिद्वार और ऋषिकेश घुमाने ले गया था. आरोप है कि उषा नीरज के साथ ही कमरा लेकर रहना चाहती थी और उस पर अपनी पत्नी को छोड़ने का दबाव बना रही थी. पुलिस के अनुसार, इसी दबाव से पीछा छुड़ाने के लिए नीरज ने मंगलवार रात उषा को आलमपुर एड़वा के जंगल में ले जाने की साजिश रची.
दुपट्टे से गला दबाया, बच्ची को भी मारने की कोशिश
पुलिस के मुताबिक, जंगल में नीरज ने दुपट्टे से उषा का गला दबा दिया. इस दौरान उसके साथ मौजूद तीन साल की बच्ची को भी मारने की कोशिश की गई. बच्ची को मरा हुआ समझकर आरोपी ने उस पर कंबल डाल दिया और आग लगा दी. इसके बाद वह मौके से फरार हो गया.
पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी ने खुद को बचाने के लिए एक और चाल चली. वह अपनी तहेरी बहन के डेढ़ साल के बेटे को अपने साथ ले गया और बाद में बहाने से बच्चे को अपनी ससुराल में छोड़ दिया, ताकि किसी को उस पर शक न हो.
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल
शनिवार शाम पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता में एएसपी देहात गौतम राय ने मामले का खुलासा किया. पुलिस ने नीरज को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया. पुलिस अब मामले में हत्या और बच्ची को नुकसान पहुंचाने की कोशिश से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.


