
मसौली/बाराबंकी, अमृत विचार। गोंडाबहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित मसौली चौराहे पर ईरिक्शा और सीएनजी ऑटो चालकों की मनमानी से आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। सवारियों के इंतजार में चालक मुख्य चौराहे पर वाहन आड़ेतिरछे खड़े कर देते हैं, जिससे सड़क का बड़ा हिस्सा घिर जाता है और राहगीरों व वाहन चालकों को परेशानी होती है।
मसौली चौराहा क्षेत्र का प्रमुख और व्यस्त चौराहा है। यहां से गोंडाबहराइच के अलावा नेपाल जाने वाले मार्ग पर भी आवागमन होता है। स्थानीय लोगों के मुताबिक ऑटो और ईरिक्शा चालक सड़क के बीचोंबीच वाहन खड़ा कर सवारियों का इंतजार करते रहते हैं। पीछे से वाहन चालक हॉर्न बजाते रहते हैं, लेकिन इसके बावजूद वाहन नहीं हटाए जाते और देखते ही देखते जाम लग जाता है।
पुलिस तैनात फिर भी नहीं लग रहा अंकुश
खास बात यह है कि चौराहे पर पुलिस प्रशासन की तैनाती के बावजूद तीन पहिया वाहन चालकों पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है। स्थानीय लोगों ने यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए मुख्य चौराहे पर ईरिक्शा और ऑटो खड़े करने पर रोक लगाने तथा इनके लिए अलग स्टैंड निर्धारित करने की मांग की है।



