
लखनऊ, अमृत विचार : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को भारत टैक्सी और मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ किया। भारत टैक्सी में टैक्सी के साथ टू और थ्री व्हीलर चालक भी रजिस्ट्रेशन कर जीरो कमीशन पर जुड़ सकेंगे। उन्हें पांच लाख रुपये की सामाजिक सुरक्षा मिलेगी।
मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम्य विकास बैंक से किसानों को मिलने वाले ऋण की ब्याज दर 11 से घटाकर छह प्रतिशत कर दी गई है। सरकार का लक्ष्य पांच लाख लघु एवं सीमांत किसानों को दीर्घकालीन ऋण उपलब्ध कराना है।
सीएम योगी ने प्रयागराज महाकुंभ2025 का उदाहरण देते हुए कहा कि बड़ी संख्या में युवाओं ने बाइक के जरिये श्रद्धालुओं को संगम, रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट तक पहुंचाया। इससे यात्रियों को सुविधा मिली और यातायात भी बाधित नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि इसी तरह के मॉडल को आगे बढ़ाने से लाखों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर खुल सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सहकारिता की सफलता उसके नेतृत्व पर निर्भर करती है। देश में पहली बार अलग सहकारिता मंत्रालय बनने के बाद इसके परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि 2017 के बाद 86 लाख लघु एवं सीमांत किसानों के 36 हजार करोड़ रुपये से अधिक के ऋण माफ किए गए। पिछले साढ़े नौ वर्षों में 24 लाख हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि को सिंचाई सुविधा से जोड़ा गया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि खेती और कृषि मशीनरी के लिए किसानों को धन की कमी न हो, इसके लिए दीर्घकालीन ऋण की व्यवस्था की गई है। आगामी वर्षों में पांच लाख लघु एवं सीमांत किसानों को इसका लाभ देने का लक्ष्य है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 122 चीनी मिलें संचालित हैं और पिछले नौ वर्षों में किसानों को 3.30 लाख करोड़ रुपये गन्ना मूल्य का भुगतान किया गया। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले निष्क्रिय हुए 16 सहकारी बैंकों में 15 अब मुनाफे में हैं। पैक्स को ब्याज मुक्त कैश क्रेडिट की सीमा 10 से बढ़ाकर 15 लाख रुपये की गई है और सहकारिता से 54 लाख नए सदस्य जुड़े हैं। कार्यक्रम में केंद्रीय सहकारिता एवं नागर विमानन राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल समेत उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, जेपीएस राठौर और दयाशंकर सिंह मौजूद रहे।
भारत टैक्सी युवाओं के रोजगार का नया अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत टैक्सी केवल यात्रियों के आवागमन का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार का नया अवसर है। लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज में इसका संचालन शुरू हो गया है। लखनऊ एयरपोर्ट, मेट्रो और पुलिस समेत विभिन्न संस्थाओं के साथ एमओयू किए गए हैं। उन्होंने परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह को भारत टैक्सी की तर्ज पर ग्रामीण बस सेवा को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
कृषक समृद्धि पोर्टल लॉन्च, भारत टैक्सी को किया रवाना
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बटन दबाकर मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि पोर्टल ऐप यूपीसीडीसी लॉन्च किया। उर्वरक के लिए मोबाइल ऐप और सहकारिता की सेवाओं को आसानी से उपलब्ध कराने के लिए कोऑपरेटिव डाटा सेंटर तथा मोबाइल ऐप की भी शुरुआत की गई। मुख्यमंत्री ने पांच सारथियों को भारत टैक्सी के शेयर प्रमाण पत्र और मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के पांच लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र सौंपे।
भारत टैक्सी के सीईओ कर्नल हिमांशु और अडानी एयरपोर्ट लखनऊ के चीफ कमर्शियल ऑफिसर शिव मोहन ने विभिन्न संस्थाओं के साथ हुए एमओयू का आदानप्रदान किया। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय सहकारिता एवं नागर विमानन राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल समेत अतिथियों ने फ्लैग ऑफ कर भारत टैक्सी को रवाना किया।


