भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा नौ साल के लंबे इंतजार के बाद वनडे में अपना दूसरा शतक लगाने से खुश हैं, लेकिन उन्होंने कहा कि जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे मैच में इसके बजाय वह पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ साझेदारी निभाने के बारे में सोच रही थी। दीप्ति ने अपना पहला वनडे शतक मई 2017 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बनाया था। तब उन्होंने 160 गेंदों पर 188 रन बनाए थे।

उन्होंने रविवार को भारत की जिम्बाब्वे के खिलाफ 121 रन की जीत में नाबाद 106 रन बनाकर इस प्रारूप में अपना दूसरा शतक बनाया। दीप्ति ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘मुझे पूरा भरोसा था कि मैं देरसवेर शतक बनाने में कामयाब रहूंगी।
शतक के बजाय मैं यह सोच रही थी कि हम उस स्थिति में कैसे अच्छी साझेदारी निभा सकते हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘प्रतिका और हैरी दीदी की साझेदारी के बाद हमने जल्दी विकेट गंवा दिए थे। इसलिए हमारा ध्यान अच्छी साझेदारी निभाने पर था। निश्चित तौर पर शतक बनाना खास है और मैंने बहुत दिनों बाद यह उपलब्धि हासिल की है इसलिए अच्छा लग रहा है।’’
हरमनप्रीत ने 121 गेंदों में 126 रन बनाए, जिसमें 15 चौके शामिल थे। दीप्ति ने उनका बखूबी साथ दिया और दोनों ने 153 रन की साझेदारी की। दीप्ति ने कहा, ‘‘हरमनप्रीत बहुत ही सहज नजर आ रही थी। वह अपनी काबिलियत के अनुसार खेल रही थी। उस समय वह बहुत अच्छा खेल रही थी। जब मैं क्रीज पर उतरी तो मैं सोच रही थी कि हमें अच्छी साझेदारी निभानी होगी।’’



