Vande Bharat Sleeper Train: उत्तर प्रदेश के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. वाराणसी और नई दिल्ली के बीच अब यात्रियों को प्रीमियम रेल सफर की नई सौगात मिली है. यूपी की पहली और देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस ट्रेन के शुरू होने से वाराणसी से दिल्ली के बीच रात में सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी.

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को इस तरह तैयार किया गया है कि यात्री रातभर आरामदायक सफर कर सकें और सुबह अपने गंतव्य तक पहुंच जाएं. इससे नौकरीपेशा लोगों, कारोबारियों, विद्यार्थियों और अन्य यात्रियों को काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद है. खास बात यह है कि अब यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए दिन का समय बर्बाद नहीं करना पड़ेगा.
क्या है समय सारणी?
रेलवे की ओर से निर्धारित समयसारिणी के अनुसार, वाराणसीनई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन वाराणसी से रात 8:50 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 5:50 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी. वहीं, वापसी में नई दिल्ली से रात 9:40 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 7:10 बजे वाराणसी पहुंचेगी. इस ट्रेन का ठहराव प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और गाजियाबाद रेलवे स्टेशनों पर निर्धारित किया गया है. इससे इन शहरों के यात्रियों को भी राजधानी दिल्ली और वाराणसी के बीच बेहतर रेल कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा. ट्रेन सप्ताह में छह दिन संचालित होगी.
घटेगा यात्रा का समय
वंदे भारत स्लीपर की शुरुआत को रेलवे के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. अब तक वंदे भारत एक्सप्रेस की चेयरकार सुविधा के जरिए दिन के सफर को बेहतर बनाया गया था, जबकि लंबी दूरी की रात की यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाने की दिशा में अहम पहल है. वाराणसी और नई दिल्ली के बीच शुरू हुई यह नई रेल सेवा यात्रियों के लिए समय की बचत और आरामदायक सफर का नया विकल्प बनकर सामने आई है. अब रात में ट्रेन पकड़िए और सुबह अपने गंतव्य पर पहुंचकर दिनभर के जरूरी काम निपटाइए.



