भारतीय शेयर बाजार में पिछले कुछ दिनों से जारी तेजी का सिलसिला मंगलवार, 17 नवंबर को भी कायम रहा. सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन प्रमुख बेंचमार्क इंडेक्स बीएसई सेंसेक्स में 200 अंकों का उछाल देखा गया. इसके साथ ही एनएसई निफ्टी ने भी हरे निशान में सकारात्मक शुरुआत की. बाजार में आई ये रौनक मुख्य रूप से इस महीने अब तक कंपनियों के मजबूत तिमाही नतीजों के साथसाथ विदेशी फंड्स के रिकॉर्ड निवेश की बदौलत देखने को मिल रही है. हालांकि, सुबह 8 बजे गिफ्ट निफ्टी फ्यूचर्स 25,262.50 अंकों पर कारोबार कर रहा था. सेंसेक्स में शामिल शेयरों में से एशियन पेंट्स, इंडिगो, HUL, मारुति और अडानी पोर्ट्स सबसे ज्यादा फायदे में रहे. वहीं, टेक महिंद्रा, HCL टेक, इंफोसिस, एयरटेल और पावर ग्रिड नुकसान में रहे.

सोमवार के कारोबार में भी दिखी थी मजबूती
मंगलवार की इस बढ़त से ठीक एक दिन पहले यानी सोमवार को भी दलाल स्ट्रीट पर निवेशकों ने खूब पैसा बनाया था. सोमवार को फाइनेंशियल, एफएमसीजी के अलावा ऑयल व गैस सेक्टर के शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली थी. इसके पीछे लगातार आ रहा विदेशी निवेश और कच्चे तेल की घटती कीमतें बड़ा कारण रहीं.
आंकड़ों पर नजर डालें तो 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स सोमवार को 512.34 अंक यानी 0.63 फीसदी चढ़कर 82,104.79 के स्तर पर बंद हुआ था. दिन के कारोबार के दौरान एक समय ये 719.2 अंक या 0.88 फीसदी की छलांग लगाकर 82,311.65 के ऊपरी स्तर तक पहुंच गया था. इसी तरह 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी भी 146.80 अंक यानी 0.58 फीसदी की बढ़त लेकर 25,291.10 के स्तर पर बंद होने में कामयाब रहा था.
एक महीने में 10 फीसदी उछाल
रॉयटर्स के मुताबिक, इस महीने बीएसई सेंसेक्स के साथ निफ्टी 50 दोनों में करीब 10 फीसदी की जबरदस्त तेजी दर्ज की गई है. बाजार की इस उड़ान में सबसे बड़ा रोल विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों का रहा है. इस महीने विदेशी निवेश बढ़कर 9.53 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है.
एनएसई के शुरुआती आंकड़ों से पता चलता है कि अकेले सोमवार को ही विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने 57.37 अरब रुपये के भारतीय शेयर खरीदे. दूसरी तरफ, घरेलू संस्थागत निवेशकों का रुख बिकवाली का रहा. घरेलू निवेशकों ने सोमवार को बाजार से 22.54 अरब रुपये की निकासी की.
सस्ते कच्चे तेल ने बाजार को दिया अतिरिक्त सहारा
विदेशी फंड्स के अलावा कच्चे तेल की कीमतों में आई नरमी ने भी घरेलू शेयर बाजार को अतिरिक्त मजबूती दी है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड फिसलकर 92 डॉलर प्रति बैरल के आसपास आ गया है. मिडिल ईस्ट से तेल के निर्यात में सुधार होने से बाजार में सप्लाई सरप्लस यानी जरूरत से ज्यादा आपूर्ति की उम्मीद जगी है. इस उम्मीद ने उस इलाके में टैंकरों पर हो रहे हमलों से जुड़ी चिंताओं को पीछे छोड़ दिया है, जिससे कीमतें नीचे आई हैं.



