Samastipur News: बिहार के समस्तीपुर जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली एक अत्यंत हैरान करने वाली घटना सामने आई है. एक तरफ जहां जिलेभर में आस्था के महापर्व छठ की खुशियां और भक्तिमय माहौल था, वहीं दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के रामपुरजलालपुर स्थित चकदेवी पोखर छठ घाट पर एक महिला की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है. चोरी के शक में भीड़ द्वारा महिला के साथ की गई इस अमानवीय मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है.

जानकारी के अनुसार, दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के रामपुरजलालपुर गांव के चकदेवी पोखर पर छठ पूजा के दौरान कुछ लोगों ने एक महिला को चेन काटने के आरोप में रंगे हाथ पकड़ने का दावा किया. भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने कानून को अपने हाथ में लेते हुए महिला की लातघूंसों और थप्पड़ों से जमकर पिटाई शुरू कर दी. हालांकि, उसी भीड़ में कुछ समझदार लोगों ने यह भी कहा कि इस तरह बेरहमी से पीटना और कानून हाथ में लेना गलत है, लेकिन इंसानियत के नाते किसी ने भी आगे आकर उस महिला को बचाने की कोशिश नहीं की. लोग तमाशबीन बने रहे और चुपके से किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.
‘जांच में कोई आपत्तिजनक सामान नहीं मिला, होगी कानूनी कार्रवाई’
इस सनसनीखेज वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की. दलसिंहसराय के DSP विवेक शर्मा ने दूरभाष पर जानकारी दी कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला को हिरासत में लिया और उससे पूछताछ की. DSP विवेक शर्मा ने स्पष्ट किया कि जब पुलिस ने गहन जांच की, तो महिला के पास से किसी भी तरह का आपत्तिजनक सामान या चोरी की कोई सोने की चेन बरामद नहीं हुई है.
60 लाख का प्लॉट, 20 लाख का विवाद और एयर होस्टेस वर्षा तूरकर हत्याकांड में कॉलेज फ्रेंड नितेश पर शक, पति ने खोले राज
DSP ने दो टूक शब्दों में कहा कि किसी भी नागरिक को कानून अपने हाथ में लेने या इस तरह हिंसा करने का कोई अधिकार नहीं है. पीड़िता की तरफ से लिखित शिकायत या बयान मिलने के बाद, मारपीट करने वाले आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.



