दिल्ली में साइबर थाना पुलिस ने द्वारका के पालम एक्सटेंशन में ठगी के एक बड़े कॉल सेंटर का खुलासा किया है. ‘वेब सॉल्यूशंस एक्सपोर्ट’ के नाम से संचालित इस कॉल सेंटर में बैठे जालसाज देशभर के मैन्युफैक्चरर्स और व्यापारियों को विदेशी खरीदार दिलाने का झांसा देकर शिकार बनाते थे और अपने जाल में फंसाकर करोड़ों की ठगी को अंजाम दे रहे थे. दिल्ली पुलिस ने पुख्ता इनपुट के आधार पर दबिश देकर 20 जालसाजों को अरेस्ट किया है.

इनमें फर्म का रजिस्टर्ड मालिक और ऑपरेटिंग मैनेजर भी शामिल है. दिल्ली पुलिस के मुताबिक आरोपियों के पास से कुल 34 मोबाइल फोन और 8 लैपटॉप के अलावा 14 CPU बरामद हुए हैं. ये सभी चीजें ठगी की वारदातों को अंजाम देने के लिए इस्तेमाल की जा रही थीं. इसके अलावा ठगों के अड्डे से पुलिस ने 23 डायरी, बिल बुक, 2 चेक बुक और फर्जी सर्टिफिकेट समेत कई अन्य संदिग्ध चीजें बरामद की हैं. पुलिस इन सभी चीजों की जांच कर रही है.
ऐसे बनाते थे शिकार
पुलिस के मुताबिक कॉल सेंटर में बैठे जालसाज Google लिस्टिंग, B2B पोर्टल और सोशल मीडिया के जरिए अपने शिकार को टारगेट करते था. इसके बाद उन्हें पहले 5,900 रुपये + GST वाले पेड मेंबरशिप प्लान में जोड़कर विदेशी बॉयर दिलाने का झांसा देते थे. फिर शिकार को एक व्हाट्सएप नंबर देते थे, जो कथित “विदेशी बॉयर” का होता था. जबकि वास्तव में वह नंबर इसी कॉल सेंटर में बैठे किसी जालसाजा का होता था, जो विदेशी नंबर से चैट करता था.
फिर होता था ठगी का खेल
शिकार को फंसाने के लिए यह फर्जी बॉयर एक बड़े एक्सपोर्ट का ऑर्डर देकर ISO, GMP, BRC, IEC या फूड सेफ्टी जैसे सर्टिफिकेट मांगता था. ऑर्डर जाने के डर से पीड़ित उसी कंपनी से सर्टिफिकेट बनवाता था, जिसे ये जालसाज बताते. फिर वह कंपनी लाखों रुपये लेकर फर्जी सर्टिफिकेट दे देती थी. इस प्रकार अन्य सर्टिफिकेट के नाम पर भी वसूली का धंधा चलता रहता.
हैरान कर देगा खुलासा
साइबर थाना पुलिस की जांच में पता चला कि NCRP पोर्टल पर महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश की शिकायतें इस गैंग के खिलाफ खूब मिली है. यह शिकायतें इनके IndusInd Bank और Axis Bank खातों से जुड़ी मिलीं. जांच में पता चला कि फर्म किसी और व्यक्ति के नाम पर रजिस्टर्ड थी. फर्म मालिक को महीने के पैसे देकर उसकी पहचान इस्तेमाल की जा रही थी. पूरा ऑपरेशन मैनेजर चला रहा था, जिसमें सेल्स, सपोर्ट, फर्जी बॉयर और IT की अलगअलग टीमें थीं.



