IndiaUttar Pradesh

​जातिगत जनगणना से लेकर 50 फीसदी आरक्षण तक… समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्र में सामाजिक न्याय पर 10 बड़े वादे

समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए घोषणा पत्र का ऐलान कर दिया है. पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने घोषणा पत्र को पीडीए का प्रणपत्र नाम दिया है. समाजवादी पार्टी ने सरकार बनने पर सामाजिक न्याय से जुड़े कई बड़े एलान किए. इसमें जातिगत जनगणना से लेकर पीडीए को प्राथमिकता देने और समाजवादी कैंटीन खोले जाने समेत कई बड़ी घोषणाएं हैं.

​जातिगत जनगणना से लेकर 50  फीसदी आरक्षण तक… समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्र में सामाजिक न्याय पर 10 बड़े वादे

अखिलेश यादव ने एलान किया कि सपा सरकार बनने पर उत्तर प्रदेश में जातिगत जनगणना कराई जाएगी. उन्होंने कहा कि PDA वर्ग के सामाजिक और आर्थिक विकास को प्राथमिकता दी जाएगी.
अखिलेश ने वादा किया है कि दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों, महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी.

निजी स्कूल में आरक्षित वर्ग के छात्रों की फीस देगी सरकार

सपा प्रमुख ने कहा कि निजी स्कूलों में आरक्षित वर्ग के छात्रों की फीस सरकार जमा करेगी. SCST के उत्थान के लिए बजट का 20% खर्च किया जाएगा. PDA, महिलाओं और गरीबों के लिए समाजवादी कैंटीन खोली जाएगी, जहां 5 रुपये में थाली मिलेगी. प्रवासी मजदूरों के लिए हेल्पलाइन बनाई जाएगी.

सपा के घोषणापत्र में एलान किया गया है कि बुजुर्ग महिला कारीगरों को सालाना 40 हजार रुपये पेंशन दी जाएगी. वरिष्ठ नागरिकों के लिए भरणपोषण एवं कल्याण अधिनियम लाया जाएगा, वृद्धाश्रम और क्लब बनाए जाएंगे. दिव्यांगजनों को इलेक्ट्रिक ट्राइसाइकिल समेत सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार की सुविधा मिलेगी.

सरकारी ठेकों में मिलेगा आरक्षण

अखिलेश यादव ने कहा कि सरकारी ठेकों और लाभार्थी योजनाओं में गरीब एवं शोषित वर्गों को आबादी के अनुपात में प्रतिनिधित्व मिलेगा. अनुसूचित जनजाति के लिए अलग बोर्ड बनाया जाएगा. अनौपचारिक क्षेत्र के श्रमिकों के कल्याण के लिए बोर्ड का गठन होगा.

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में दलित विकास परिषद बनाई जाएगी. सरकारी सेवाओं में बैकलॉग पदों को भरने के लिए विशेष भर्ती अभियान चलेगा. आरक्षण को संविधान के अनुसार प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा. दलित उद्यमियों को बढ़ावा देने के लिए दलित स्टार्टअप फंड बनेगा. 50 करोड़ रुपये तक के सरकारी ठेकों में दलित और PDA वर्ग के लिए 50% आरक्षण सुनिश्चित करने का वादा भी किया गया है.

10 बड़े वादे एक नजर में…

  • उत्तर प्रदेश में जातिगत जनगणना कराई जाएगी
  • PDA वर्ग के सामाजिक और आर्थिक विकास को प्राथमिकता दी जाएगी
  • निजी स्कूलों में आरक्षित वर्ग के छात्रों की फीस सरकार जमा करेगी
  • PDA, महिलाओं और गरीबों के लिए समाजवादी कैंटीन खोली जाएगी
  • आरक्षण को संविधान के अनुसार प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा
  • सरकारी ठेकों में दलित और PDA वर्ग के लिए 50% आरक्षण
  • दलित विकास परिषद बनाई जाएगी
  • अनुसूचित जनजाति के लिए अलग बोर्ड बनाया जाएगा
  • लाभार्थी योजनाओं में गरीब एवं शोषित वर्गों प्रतिनिधित्व
  • दिव्यांगजनों को सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार की सुविधा

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply