Ghaziabad News: गाजियाबाद में पति पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने पत्नी और उसके जिम ट्रेनर प्रेमी को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, दोनों ने मिलकर शशांक कंथारिया को रास्ते से हटाने की साजिश रची थी. वारदात के समय पत्नी घर से अपनी गाड़ी लेकर निकल गई और फ्लैट का गेट खुला छोड़ दिया. इसके बाद जिम ट्रेनर ने घर में घुसकर सो रहे शशांक पर चाकू से कई वार किए. घायल शशांक का अस्पताल में इलाज चल रहा है.

इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के वसुंधरा सेक्टर1 में 26 अक्टूबर की सुबह शशांक कंथारिया पर जानलेवा हमला किया गया था. पुलिस के मुताबिक, शशांक अपने घर में सो रहे थे. इसी दौरान जिम ट्रेनर प्रताप सिंह चाकू लेकर उनके घर पहुंचा और बेडरूम में उन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. हमले में शशांक गंभीर रूप से घायल हो गए. उनकी चीखपुकार सुनकर सोसायटी के सुरक्षा गार्ड और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. सूचना मिलने पर इंदिरापुरम थाना पुलिस ने घायल को यशोदा मेडिसिटी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
78 महीने पहले जिम में हुई थी पहचान
शशांक कंथारिया वसुंधरा सेक्टर1 के मकान नंबर 580 में अपनी पत्नी प्रिया शर्मा और साढ़े तीन साल की बेटी के साथ रहते हैं. शशांक और प्रिया दोनों दिल्ली स्थित पोस्टल अकाउंट ऑफिस में सीनियर अकाउंटेंट के पद पर काम करते हैं. उनकी शादी 2021 में हुई थी. प्रिया पिछले 78 महीने से वसुंधरा स्थित फिटनेस हेडक्वार्टर जिम में एक्सरसाइज करने जाती थीं.
इसी दौरान उनकी मुलाकात जिम ट्रेनर प्रताप सिंह से हुई. धीरेधीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं. पुलिस पूछताछ में प्रताप ने बताया कि वे दोनों शादी करना चाहते थे. पुलिस के मुताबिक, शशांक को पत्नी और प्रताप के संबंधों की जानकारी हो गई थी. इसी वजह से वह दिवाली के बाद फ्लैट बदलकर दूसरी जगह शिफ्ट होने की तैयारी कर रहे थे.
रनिंग के दौरान बनाई हत्या की योजना
शशांक को रास्ते से हटाने के लिए प्रिया और प्रताप ने मिलकर योजना बनाई थी. पूछताछ में प्रताप ने बताया कि 25 अक्टूबर को सुबह रनिंग के दौरान दोनों ने शशांक की हत्या की साजिश रची. योजना के तहत 26 अक्टूबर की सुबह प्रिया अपनी गाड़ी लेकर घर से निकल गईं और फ्लैट का गेट खुला छोड़ दिया. इसके बाद प्रताप चाकू लेकर घर में दाखिल हुआ. उसने बेडरूम में सो रहे शशांक पर हमला कर दिया. शशांक की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.
CCTV फुटेज से पुलिस ने दोनों को पकड़ा
घटना के बाद शशांक के भाई रितेश की शिकायत पर इंदिरापुरम थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया. पुलिस ने BNS की धारा 109 , 61 और 333 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और अन्य जानकारियां जुटाईं. पुलिस के मुताबिक, CCTV फुटेज और मैनुअल इनपुट के आधार पर 27 अक्टूबर को प्रिया शर्मा और प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया. आरोपियों की निशानदेही पर हमले में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया गया है.



