
वॉशिंगटनः अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी FBI ने सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ को अपनी Ten Most Wanted Fugitives सूची में शामिल किया है। एजेंसी ने उसकी गिरफ्तारी तक पहुंचाने वाली सूचना देने वाले को 10 लाख अमेरिकी डॉलर तक का इनाम देने की घोषणा की। FBI ने 28 सितंबर को बराड़ को लिस्ट में शामिल करने की घोषणा की थी। वह इस सूची में शामिल होने वाला 543वां भगोड़ा है।
लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से कथित संबंध
FBI के मुताबिक, बराड़ को लॉरेंस बिश्नोई ऑर्गनाइज्ड क्राइम ग्रुप से कथित जुड़ाव की वजह से तलाशा जा रहा है। एजेंसी का आरोप है कि यह समूह दक्षिणी कैलिफोर्निया के अलावा अमेरिका और कनाडा में विभिन्न हिंसक गतिविधियों में शामिल रहा है।
FBI ने बराड़ को हथियारबंद और खतरनाक बताया है तथा उसके देश छोड़कर भागने की आशंका जताई है। एजेंसी के अनुसार, वह अमेरिका में रह रहा है और उत्तर अमेरिका में इस गिरोह का कथित नेता है।
हत्या, अपहरण और रंगदारी समेत कई आरोप
अमेरिकी जांच एजेंसी के अनुसार, बराड़ पर राजनीतिक और धार्मिक नेताओं की लक्षित हत्या, गोलीबारी, हत्या के प्रयास, अपहरण, रंगदारी, मारपीट तथा मादक पदार्थों और हथियारों की तस्करी जैसी गतिविधियों में कथित संलिप्तता के आरोप हैं।
अमेरिका की एक संघीय अदालत में उसके खिलाफ RICO कानून के तहत आपराधिक साजिश, रंगदारी के जरिए कारोबार को प्रभावित करने और ऐसा करने की कोशिश की साजिश तथा मादक पदार्थों की तस्करी और उन्हें तस्करी के इरादे से रखने की साजिश से जुड़े आरोप लगाए गए हैं।
FBI और कनाडाई एजेंसियां मिलकर कर रहीं तलाश
अमेरिकी फर्स्ट असिस्टेंट यूएस अटॉर्नी बिल एसाइली ने कहा कि बराड़ का FBI की टॉप10 भगोड़ा सूची में शामिल होना अंतरराष्ट्रीय आपराधिक गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई के सरकार के रुख को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि अमेरिका कनाडा, यूरोप और एशिया की कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर बराड़ की तलाश जारी रखेगा।
रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस की उप आयुक्त लिसा मोरलैंड ने भी बराड़ और उसके नेटवर्क पर हत्या, गोलीबारी, जान से मारने की धमकी, रंगदारी, आगजनी और मादक पदार्थों की तस्करी जैसी गतिविधियों के आरोप लगाए।
ऑपरेशन हार्डबॉल के बाद सामने आया नाम
गोल्डी बराड़ उन भगोड़े आरोपियों में शामिल है, जिनकी पहचान भारत से संचालित अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध समूहों के खिलाफ अमेरिकी संघीय जांच ‘ऑपरेशन हार्डबॉल’ के दौरान हुई।
FBI के अनुसार, 7 जुलाई 2026 को अमेरिकी अधिकारियों ने ऑपरेशन हार्डबॉल के तहत तीन आरोपपत्रों को सार्वजनिक किया था, जिनमें तीन भारतआधारित अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध समूहों से जुड़े 37 आरोपियों को नामजद किया गया था। FBI ने बताया कि इस मामले में बराड़ समेत कुछ अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं।
FBI ने लोगों को किया आगाह
FBI ने लोगों से बराड़ के साथ सीधे संपर्क या किसी तरह की बातचीत से बचने को कहा है। एजेंसी के मुताबिक, उसके बारे में जानकारी रखने वाले लोग FBI या कानून प्रवर्तन एजेंसियों को सूचना दे सकते हैं और जानकारी गुप्त रखने का विकल्प भी उपलब्ध है।
ः


