CrimeIndia

​Gwalior Crime News: रातभर पत्नी के शव के साथ सोया, सुबह हार्ट अटैक बताकर भिंड ले गया SSB जवान; बेटी ने खोल दिया हत्या का राज

Gwalior Wife Murder Case: मध्य प्रदेश के ग्वालियर से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक वारदात सामने आई है. करवाचौथ पर जिस पत्नी ने अपने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखा था, उसी की कुछ दिनों बाद बेरहमी से हत्या कर दी गई. हत्या का आरोप SSB में तैनात एक जवान पर लगा है. बताया जा रहा कि पत्नी के मोबाइल पर किसी से बात करने को लेकर पति को शक हुआ था. इसी बात पर दोनों के बीच विवाद हुआ और गुस्से में आकर आरोपी ने पत्नी का गला घोंट दिया. वारदात के बाद उसने पत्नी की मौत को हार्ट अटैक बताने की कोशिश की, लेकिन 12 साल की बेटी ने पिता की पूरी करतूत अपने मामा को बता दी, जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ.

​Gwalior Crime News: रातभर पत्नी के शव के साथ सोया, सुबह हार्ट अटैक बताकर भिंड ले गया SSB जवान; बेटी ने खोल दिया हत्या का राज

करवाचौथ की छुट्टी लेकर घर आया था जवान

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ज्ञान सिंह SSB में सिपाही है और फिलहाल जम्मूकश्मीर में तैनात है. वह 27 अक्टूबर को करवाचौथ मनाने के लिए छुट्टी लेकर ग्वालियर आया था. वह मुरार थाना क्षेत्र के खुरैरी गांव में पत्नी रिंकी और बच्चों के साथ किराए के मकान में रहता था. रविवार को ज्ञान सिंह के पिता इलाज के लिए ग्वालियर आए थे. इलाज के बाद रिंकी ने पति से अपने पिता को भिंड छोड़ने के लिए कहा. ज्ञान सिंह उन्हें भिंड छोड़कर रात में घर लौट आया. इसी दौरान उसने पत्नी को मोबाइल पर किसी से बात करते देखा. इस बात को लेकर उसने रिंकी से पूछताछ शुरू कर दी. उसे शक था कि उसकी पत्नी किसी दूसरे व्यक्ति से बातचीत करती है. इसी बात पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया.

बच्चों के सामने पत्नी का घोंटा गला

आरोप है कि विवाद के दौरान ज्ञान सिंह ने आपा खो दिया. उसने रिंकी को जमीन पर पटक दिया और उसकी छाती पर पैर रखकर गला घोंट दिया. घर में मौजूद 14 साल के बेटे दीपू और 12 साल की बेटी प्रियांशी के सामने उनकी मां की मौत हो गई. हत्या के बाद आरोपी ने शव को बेडरूम में रखा और उसी कमरे में रातभर सोता रहा. अगले दिन सुबह करीब 6 बजे वह पत्नी का शव गाड़ी में रखकर भिंड जिले के छौंदा गांव पहुंच गया.

सर्विस पिस्टल दिखाकर दी धमकी

भिंड पहुंचकर ज्ञान सिंह ने रिंकी के मायके वालों को फोन किया और बताया कि उसकी मौत हार्ट अटैक से हो गई है. हालांकि, जब परिजन वहां पहुंचे तो उन्हें रिंकी के शरीर और घुटनों पर चोट के निशान दिखाई दिए. इस पर उन्होंने संदेह जताया और ज्ञान सिंह से सवाल किए. आरोप है कि खुद को घिरता देखकर ज्ञान सिंह ने अपनी सर्विस पिस्टल निकाल ली और ससुराल वालों को धमकाने लगा. उसने बेटी प्रियांशी को भी किसी को कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी दी.

12 साल की बेटी ने मामा को बताई पूरी सच्चाई

पिता की धमकी के बावजूद प्रियांशी ने हिम्मत नहीं हारी. उसने चुपके से अपने मामा सचिन जाटव को फोन कर पूरी घटना बता दी. बेटी ने बताया कि मां मोबाइल पर किसी से बात कर रही थीं. इसी बात को लेकर पिता ने विवाद किया और उनका गला घोंटकर हत्या कर दी. बेटी के बयान से हार्ट अटैक की कहानी की पोल खुल गई. इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया. सोमवार देर रात परिजन रिंकी का शव लेकर ग्वालियर पहुंचे और मुरार थाने में शिकायत दर्ज कराई.

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मुरार थाना प्रभारी गोविंद बल्लभ बगोली के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है. बच्चों और परिजनों के बयान लिए जा रहे हैं. पुलिस इस मामले में रिंकी के मोबाइल फोन और कॉल डिटेल की भी जांच कर सकती है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वारदात से पहले वह किससे बात कर रही थी. फिलहाल आरोपी फरार है. इस घटना के बाद दो मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply