
टड़ियावां। पंजाब नेशनल बैंक की भड़ायल शाखा में एक विधवा रसोइया के बैंक खाते से कथित तौर पर धोखाधड़ी कर 18 हजार रुपये निकालने का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने एसपी के आदेश के बाद बैंक मित्र, शाखा प्रबंधक समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना क्षेत्र के रमुआपुर मजरा साखिन गांव निवासी तारावती पत्नी स्वर्गीय श्री पाल ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि उनके पति के निधन के बाद छह जनवरी 2024 को गांव के अजय कुमार, बैंक मित्र अखिलेश उर्फ मुन्ना भइया, अजीत और शाखा प्रबंधक ने आपसी सांठगांठ कर उनके मृत पति श्री पाल का बैंक खाता चालू कराया।
महिला का आरोप है कि आरोपितों ने खाते पर फर्जी हस्ताक्षर कराकर उसमें से 18 हजार रुपये निकाल लिए। तारावती के मुताबिक, करीब दो साल बाद उन्होंने बैंक से खाते का स्टेटमेंट निकलवाया, तब उन्हें खाते में हुई इस कथित जालसाजी की जानकारी हुई।
पीड़िता का कहना है कि मामले की शिकायत उन्होंने स्थानीय थाने में भी की, लेकिन वहां उनकी सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी से भी शिकायत की, लेकिन आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई।
मामले में प्रभारी निरीक्षक इख्तियार हुसैन ने बताया कि एसपी के आदेश पर बैंक मित्र, शाखा प्रबंधक और दो अन्य नामजद लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ः


