TrendingUttar Pradesh

​Hardoi News: सांडी में दर्दनाक हादसा, छप्पर पर भरभराकर गिरी कच्ची दीवार; 65 वर्षीय वृद्ध ने तोड़ा दम

​Hardoi News:  सांडी में दर्दनाक हादसा, छप्पर पर भरभराकर गिरी कच्ची दीवार; 65 वर्षीय वृद्ध ने तोड़ा दम

हरदोई, अमृत विचार। जिले में 4 दिन पहले हुई भारी बारिश के दौरान कच्ची मिट्टी की दीवार गिरने से गंभीर रूप से घायल हुए 65 वर्षीय वृद्ध की इलाज के बाद मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार ने घायल को पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र, फिर जिला अस्पताल और इसके बाद लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया था। मंगलवार रात घर लौटने के कुछ ही घंटे बाद वृद्ध ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

छप्पर के नीचे लेटे थे गजोधर, अचानक भरभराकर गिरी दीवार

मामला थाना क्षेत्र के ढोड़पुर गांव का है। गांव निवासी बाबूराम की कच्ची मिट्टी की दीवार पड़ोसी गजोधर पुत्र खेम्मा के छप्पर के ऊपर गिर गई थी। हादसे के समय गजोधर छप्पर के नीचे लेटे हुए थे, अचानक हुए इस हादसे में वह दीवार के मलबे की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। आसपास के लोगों और परिजनों ने किसी तरह मलबा हटाकर गजोधर को बाहर निकाला और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

हालत गंभीर होने पर लखनऊ किया गया रेफर

परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में भी हालत में सुधार न होने पर चिकित्सकों ने उन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया था।

घर पहुंचने के बाद बिगड़ी हालत, रात में मौत

लखनऊ में उपचार के बाद मंगलवार को परिजन गजोधर को घर वापस लेकर आए थे। मंगलवार रात उनकी मौत हो गई। वृद्ध की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांचपड़ताल के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।  पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

परिवार में दो बेटे और एक बेटी 

गजोधर की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक के परिवार में दो पुत्र और एक पुत्री हैं। हादसे के बाद से परिजनों का रोरोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है।

ये भी पढ़ें :

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply