
हरदोई, अमृत विचार। ब्लीडिंग होने पर पत्नी को निजी अस्पताल ले गए पति ने डॉक्टरों पर गर्भपात कराने और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। महिला की हालत बिगड़ने पर उसे लखनऊ रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। शिकायत के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ब्लीडिंग होने पर निजी अस्पताल ले गया था पति
कोतवाली देहात क्षेत्र के नयागांव मुबारकपुर निवासी संदीप पाल की 35 वर्षीय पत्नी गीता पाल को सोमवार को अचानक ब्लीडिंग होने लगी। संदीप के मुताबिक, वह पत्नी को मन्नापुरवा स्थित एक निजी अस्पताल ले गया। पति का आरोप है कि वहां डॉक्टरों ने गीता को गर्भवती बताते हुए उसका जबरन गर्भपात कर दिया।
हालत बिगड़ी तो लखनऊ किया रेफर
संदीप का कहना है कि गर्भपात के बाद गीता की हालत बिगड़ गई। इसके बाद निजी अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। सोमवार रात गीता को लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मंगलवार को उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम
संदीप शव लेकर घर पहुंचा और निजी अस्पताल के डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर बुधवार को पोस्टमार्टम कराया। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। संदीप पेशे से ड्राइवर है। उसके परिवार में एक बेटा ऋषभ और तीन बेटियां हैं।
तालाब में डूबने से किशोरी की मौत
मझिला थाना। मझिला थाना क्षेत्र में सहेलियों के साथ गांव के किनारे तालाब से सिरकुए निकालने गई 15 वर्षीय किशोरी की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। किशोरी को डूबता देखकर सहेलियों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने उसे तालाब से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मझिला थाना क्षेत्र के सढ़वापुर निवासी रामसिंह की 15 वर्षीय बेटी प्रेमिका गांव के प्राथमिक विद्यालय में पांचवीं तक पढ़ी थी। इसके बाद वह घर पर मां संगीता के साथ घरेलू कामों में हाथ बंटाती थी। रामसिंह के मुताबिक, मंगलवार को प्रेमिका अपनी सहेलियों के साथ गांव के किनारे स्थित तालाब में सिरकुए निकालने गई थी। इसी दौरान पैर फिसलने या संतुलन बिगड़ने से वह गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी।
चीखपुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीण
प्रेमिका को डूबता देखकर उसकी सहेलियां घबरा गईं और चीखतीचिल्लाती हुई गांव की ओर दौड़ीं। उनकी आवाज सुनकर ग्रामीण तालाब की ओर पहुंचे और किशोरी को पानी से बाहर निकाला। हालांकि तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। प्रेमिका दो बहनों में बड़ी थी। उसके परिवार में दो छोटे भाई भी हैं।



