IndiaUttar Pradesh

​‘विग’ लगाकर बाइक चोरी, फिर बदल लेता था हुलिया… CCTV ने खोला शातिर चोर का राज

Bijnor News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर में पुलिस ने एक ऐसे शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है, जो अपनी पहचान छिपाने के लिए चोरी के दौरान विग लगाता था. वारदात के बाद कुछ दूरी पर जाकर विग उतार देता था, ताकि सीसीटीवी कैमरों में उसकी पहचान न हो सके. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की यामाहा MT15 बाइक और एक जली हुई अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है. अफजलगढ़ थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सोनू उर्फ सोहेल को गिरफ्तार किया है.

​‘विग’ लगाकर बाइक चोरी, फिर बदल लेता था हुलिया… CCTV ने खोला शातिर चोर का राज

पुलिस के मुताबिक, आरोपी अफजलगढ़ थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसका हिस्ट्रीशीट नंबर 84ए है. उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट समेत कई आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं. मामला 4 अक्टूबर का है. विशाल नाम के व्यक्ति ने पुलिस को शिकायत देकर अपनी यामाहा मोटरसाइकिल चोरी होने की सूचना दी थी. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की. फुटेज की जांच के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया.

विग लगाकर करता था चोरी

पुलिस ने जब अलगअलग कैमरों की फुटेज को जोड़कर जांच की तो आरोपी के चोरी करने के तरीके का खुलासा हुआ. पुलिस के मुताबिक, बाइक चोरी करते समय आरोपी ने सिर पर विग लगा रखी थी. वह अलग हुलिए में नजर आ रहा था. लेकिन वारदात को अंजाम देने के बाद कुछ दूरी पर जाकर उसने विग उतार दी. इसके बाद कैमरे में उसका वास्तविक हुलिया दिखाई दिया.

सीसीटीवी फुटेज से मिले सुराग और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने संदिग्ध की पहचान सोनू उर्फ सोहेल के रूप में की. इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए विग का इस्तेमाल करने की बात स्वीकार की.

पुलिस ने बरामद की चोरी की बाइक

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र से भी बाइक चोरी करने की बात कबूल की है. पुलिस का दावा है कि आरोपी उत्तर प्रदेश के अलावा दूसरे राज्यों में भी वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुका है. उसके आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए पुलिस अन्य मामलों में भी उसकी भूमिका की जांच कर रही है.

बिजनौर के एसपी के.के. बिश्नोई ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस के जरिए आरोपी तक पहुंचने में पुलिस को सफलता मिली. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की यामाहा MT15 और एक जली हुई अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply