TrendingUttar Pradesh

​सपा सरकार आई तो IAS बनवा दूंगा… मथुरा में सपा नेता राजन रिजवी महिला बैंककर्मी को करता था गंदे मैसेज, करवाता था जासूसी, केस दर्ज

​सपा सरकार आई तो IAS बनवा दूंगा… मथुरा में सपा नेता राजन रिजवी महिला बैंककर्मी को करता था गंदे मैसेज, करवाता था जासूसी, केस दर्ज

मथुरा। समाजवादी पार्टी के अल्पसंख्यक सभा के नेता राजन रिजवी की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। महिला बैंक कर्मचारी को जाल में फंसाने, पीछा करने, गंदे मैसेज भेजने और परिजनों की जासूसी कराने के मामले में पुलिस ने शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पीड़िता की शिकायत में सपा नेता पर आईएएस बनाने का झांसा देने से लेकर प्राइवेट एजेंसी के जरिए पूरे परिवार की गोपनीय जानकारी जुटाने जैसे कई संगीन आरोप सामने आए हैं। 

पीड़िता के मुताबिक, आरोपी सपा नेता राजन रिजवी ने उन्हें अपने जाल में फंसाने के लिए ‘सपा सरकार आने पर आईएएस बनवाने’ तक का झूठा दावा किया था। इसके बाद आरोपी लगातार उनके वॉट्सऐप पर अवांछित और गंदे मैसेज भेजकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगा। महिला ने जब इसका विरोध किया और नंबर ब्लॉक कर दिया, तो आरोपी की हरकतें और बढ़ गईं। 

मोबाइल नंबर से लेकर घर के पते तक जानकारी जुटाने का आरोप

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि राजन रिजवी ने पीड़िता का पर्सनल मोबाइल नंबर, गाड़ियों के नंबर, घर का पता और दैनिक गतिविधियों की पूरी जानकारी जुटाई। पीड़िता के पति वन विभाग में रेंजर के पद पर तैनात हैं। पीड़िता को अंदेशा है कि आरोपी ने किसी प्राइवेट सिक्योरिटी या जासूसी एजेंसी को लगाकर उनके और उनके रेंजर पति की निजी जानकारियां जुटाई हैं और इन जानकारियों को बाहरी लोगों के साथ साझा भी किया है। 

परिवार की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता

पहले भी विवादों से जुड़े रहे राजन रिजवी की इन हरकतों से पीड़िता और उनका परिवार बेहद खौफजदा है। महिला ने अपने और अपने परिवार की जानमाल की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सर्विलांस, वॉट्सऐप चैट, सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर गहनता से छानबीन कर रही है।

 

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply