ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख थाना क्षेत्र इलाके में ईरिक्शा में बैठी युवती से बाइक सवार दो बदमाश नया iPhone 18 Pro झपटकर फरार हो गए. घटना एक मूर्ति गोल चक्कर के पास हुई. पीड़िता के मुताबिक, उसने यह फोन महज 3 दिन पहले ही खरीदा था. वारदात के बाद पिता ने पुलिस से मामले की शिकायत की है. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है.

जानकारी के मुताबिक, ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सेंचुरियन पार्क सोसाइटी में रहने वाली शुभी भंडारी सुबह अपने ऑफिस जाने के लिए ईरिक्शा में बैठी थीं. जैसे ही ईरिक्शा एक मूर्ति गोल चक्कर के पास पहुंचा, उन्होंने ऑनलाइन पेमेंट करने के लिए अपना मोबाइल फोन निकाला. इस दौरान पीछे से बाइक पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और पता पूछने के बहाने उनका ध्यान भटकाया. इसके बाद हाथ से मोबाइल झपटकर फरार हो गए.
तीन दिन पहले ही खरीदा था iPhone 18 Pro
पीड़िता के पति साकेत गुप्ता ने बताया कि उनकी पत्नी ने नया iPhone 18 Pro खरीदा था और इसे खरीदे हुए महज तीन दिन हुए थे. उन्होंने ग्रेटर नोएडा वेस्ट में सुबह के समय पुलिस गश्त को लेकर भी सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि इलाके में इस तरह की घटनाओं से लोगों में चिंता बढ़ रही है और सुबह के समय प्रमुख सड़कों पर पुलिस की मौजूदगी कम दिखाई देती है.
वहीं, थाना प्रभारी बिसरख रणजीत सिंह के अनुसार, पिता ने ऑनलाइन एफआईआर दर्ज की है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.
नए iPhone 18 Pro को देखकर बदमाशों का आया दिल
पीड़िता शुभी भंडारी के मुताबिक, जब वह अपनी सोसाइटी से ऑफिस के लिए निकलीं और ईरिक्शा एक मूर्ति के पास आकर रुका, तो उन्हें ईरिक्शा वाले को ऑनलाइन पेमेंट करनी थी. जैसे ही उन्होंने अपना मोबाइल निकाला, इतने में दो बाइक सवार हेलमेट पहने हुए युवक आकर रुके और एड्रेस पूछने लगे.
जैसे ही उनकी फोन पर नजर पड़ी, तो उन्होंने पूछा कि क्या यह नया iPhone 18 Pro है. उन्होंने कहा कि हां. इतना कहते ही बदमाशों ने उनके हाथ से मोबाइल झपट लिया और मौके से फरार हो गए.फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही बदमाशों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा.



