
प्रतापगढ़ अमृत विचार: जिले के पट्टी कोतवाली परिसर में सोमवार को उस समय अफरातफरी और हड़कंप मच गया, जब एक 22 वर्षीय युवक ने कोतवाली के बाथरूम में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। मृतक की पहचान 22 वर्षीय अर्जुन के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम एक युवती को बरामद कर पट्टी कोतवाली लेकर आई थी। युवती के पीछेपीछे युवक अर्जुन भी कोतवाली परिसर में पहुंच गया। पुलिस कार्रवाई के दौरान ही युवक को पता चला कि उसके खिलाफ दूसरी बार एफआईआर दर्ज की जा रही है।
बताया जा रहा है कि दूसरी बार मामला दर्ज होने की सूचना से अर्जुन अत्यधिक तनाव में आ गया। इसी बीच उसने बाथरूम जाने का बहाना बनाया और अंदर जाकर फांसी लगा ली। इससे पहले भी युवती द्वारा दिए गए बयान के आधार पर अर्जुन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा चुका था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की गहनता से जांच शुरू कराई। पुलिस प्रशासन कोतवाली परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहा है और अन्य साक्ष्यों को एकत्रित कर रहा है। किन परिस्थितियों में युवक ने यह आत्मघाती कदम उठाया, इसकी विस्तृत पड़ताल की जा रही है।
ः



