
हरदोई: साण्डी कस्बे में पतिपत्नी के बीच विवाद का मामला पुलिस तक पहुंच गया है। पहले पत्नी की नाक काटने के आरोप में पति और सासससुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इसके कुछ घंटे बाद पुलिस ने पति की ओर से लगाए गए आरोप के आधार पर पत्नी के खिलाफ भी जबरन घर में घुसकर मारपीट करने और पति के गुप्तांग को दांत से काटने का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है।
पहले पत्नी की शिकायत पर पति और ससुराल वालों पर केस
साण्डी कस्बे के मोहल्ला मुंशीगंज निवासी दीपक की पत्नी साधना पहले अपने मायके चली गई थी। इसके बाद वह वहीं से अपने चचेरे देवर के साथ कहीं चली गई थी।
गुरुवार को साधना कथित तौर पर ससुराल पहुंची। इस दौरान उसकी ससुराल वालों से कहासुनी हुई। अगले दिन भोर में विवाद बढ़ गया। आरोप लगाया गया कि पति दीपक ने साधना की नाक काट दी।
इस मामले में पति दीपक के अलावा उसकी मां और पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया।
पति ने पत्नी पर लगाया गंभीर आरोप
दूसरी ओर, दीपक ने आरोप लगाया कि पत्नी साधना ने उसके साथ मारपीट की और अपने दांत से उसका गुप्तांग काट लिया।
मामले में उसी दिन शाम को दीपक की मां शशि देवी की तहरीर पर साण्डी पुलिस ने साधना के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
दोनों मामलों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में सामने आए आरोपों और घटनाक्रम की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ः



