
लखनऊ, अमृत विचार : गणेश चतुर्थी के अवसर पर लखनऊ विकास प्राधिकरण की बहुप्रतीक्षित नैमिष नगर और वरुण विहार आवासीय योजना की सौगात मिलेगी। दो आवासीय योजना का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 13 या 14 सितंबर को करेंगे। इसी दिन छह हजार भूखंडों की बुकिंग खोली जाएगी।
उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि दोनों योजनाओं के शुभारंभ की तैयारी पूरी कर ली है। आयोजन के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से समय मांगा था। जिस पर सहमति मिल गई है। वह 13 या 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी के अवसर पर महात्वकांक्षी योजनाओं का शुभारंभ करेंगे। उसी दिन छह हजार भूखंडों की ऑनलाइन बुकिंग खोली जाएगी और बिक्री के लिए पंजीकरण शुरू हो जाएंगे। आगरा एक्सप्रेसवे स्थित वरुण विहार योजना 6,580 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही है। इसमें काशी और कैलाश खंड में करीब तीन हजार भूखंड का पंजीयन खोला जाएगा। साथ ही सीतापुर रोड स्थित 3,600 एकड़ क्षेत्र में विकसित कर रहे नैमिष नगर योजना में भी तीन हजार भूखंडों का पंजीयन खोलेंगे।
72 से 450 वर्ग मीटर के भूखंड, दरें तय
दोनों योजनाओं विभिन्न आय वर्गों के लिए हैं। इनमें 72 वर्ग मीटर से 450 वर्ग मीटर तक के भूखंड दिए जाएंगे। जो 18 मीटर से 45 मीटर चौड़ी सड़कों पर स्थित होंगे। वरुण विहार में भूखंड की कीमत 2,800 रुपये प्रति वर्ग फुट और नैमिष नगर में लगभग 3,200 रुपये प्रति वर्ग फुट की दर से भूखंड की बिक्री की जाएगी। ये दोनों योजनाएं राजधानी के विस्तार को नई दिशा देंगी। इनसे शहर के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में आवासीय, व्यावसायिक और बुनियादी ढांचे का तेजी से विकास होगा।
ः



