मारुति सुजुकी की वैगनआर भारतीय बाजार में एक पॉपुलर कार है. अब कंपनी बॉक्सी डिजाइन के लिए प्रसिद्ध इस कार को अपडेट करने की तैयारी कर रही है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मारुति जल्द ही वैगनआर के फेसलिफ्ट मॉडल को लॉन्च कर सकती है. हाल ही में नए मॉडल को टेस्टिंग के दौरान देखा गया है.

रिपोर्ट के मुताबिक, इसमें नई फ्रंट ग्रिल, अपडेटेड बंपर और बदले हुए हेडलैंप डिजाइन मिलने की उम्मीद है. कार के पिछले हिस्से में भी नए बंपर और टेललैंप में मामूली बदलाव किए जा सकते हैं. इसके अलावा, नए डिजाइन के अलॉय व्हील या व्हील कवर भी मिल सकते हैं. हालांकि, नई वैगनआर के डिजाइन में बड़े बदलाव होने की संभावना नहीं है.
1.2लीटर का नया पेट्रोल इंजन मिल सकता है
नई वैगनआर में सबसे बड़ा बदलाव इसके इंजन में देखने को मिल सकता है. मौजूदा वैगनआर में 998cc का तीन सिलेंडर K10C पेट्रोल इंजन और 1.2लीटर का चार सिलेंडर K12N पेट्रोल इंजन मिलता है. इसके अलावा, कंपनी CNG विकल्प भी देती है. रिपोर्ट्स के अनुसार, फेसलिफ्ट मॉडल में मारुति सुजुकी का नया 1.2लीटर, तीन सिलेंडर Z12E पेट्रोल इंजन इस्तेमाल किया जा सकता है. यह इंजन पहले से ही स्विफ्ट, डिजायर और बलेनो जैसे मॉडलों में इस्तेमाल हो रहा है.
कंपनी धीरेधीरे अपनी कारों में नए इंजन और पावरट्रेन तकनीक को शामिल कर रही है. ऐसे में वैगनआर में भी नया इंजन मिलने की उम्मीद है. हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि मौजूदा 1.0लीटर पेट्रोल इंजन को आगे भी जारी रखा जाएगा या नहीं. नई वैगनआर में CNG विकल्प मिलने की उम्मीद है. हालांकि, इसके इंजन और गियरबॉक्स से जुड़ी पूरी जानकारी मारुति सुजुकी ने अभी जारी नहीं की है.
टेस्टिंग के दौरान देखी गई मारुति वैगनआर
CNG मॉडल में बढ़ सकता है बूट स्पेस
नई वैगनआर के CNG मॉडल में कंपनी एक बड़ा बदलाव कर सकती है. रिपोर्ट्स के अनुसार, CNG टैंक को कार के बूट के बजाय अंडरबॉडी में लगाया जा सकता है. अगर ऐसा होता है, तो कार के बूट में सामान रखने के लिए ज्यादा जगह मिल सकती है. मौजूदा CNG कारों में टैंक के कारण बूट स्पेस कम हो जाता है. अंडरबॉडी CNG टैंक से इस समस्या को कम करने में मदद मिल सकती है. हालांकि, यह बदलाव अभी कंफर्म नहीं हुआ है. नई कार के लॉन्च के समय ही इसकी पूरी जानकारी सामने आएगी.
केबिन में मिल सकते हैं नए फीचर्स
मारुति सुजुकी वैगनआर फेसलिफ्ट के इंटीरियर में भी कुछ बदलाव कर सकती है. हालिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नई कार में बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, अपडेटेड सीट कवर और डैशबोर्ड में मामूली बदलाव मिल सकते हैं. कंपनी का फोकस कार के मौजूदा प्रैक्टिकल केबिन को बरकरार रखते हुए इसे नए मॉडलों जैसा आधुनिक बनाने पर हो सकता है. फिलहाल, वैगनआर में वेरिएंट के अनुसार 17.78 सेंटीमीटर का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, स्मार्टफोन कनेक्टिविटी, स्टीयरिंगमाउंटेड कंट्रोल और इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम जैसे फीचर्स मिलते हैं. नई कार में इनमें से कुछ फीचर्स को अपडेट किया जा सकता है.
इस साल लॉन्च हो सकती है नई वैगनआर
मारुति सुजुकी ने वैगनआर फेसलिफ्ट की लॉन्च डेट या स्पेसिफिकेशन की घोषणा नहीं की है. हालांकि, टेस्टिंग मॉडल को बारबार देखे जाने से पता चलता है कि कंपनी इस कार के विकास पर काम कर रही है. रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि नई वैगनआर को 2026 के आखिर में लॉन्च किया जा सकता है.



